Uncategorized

चन्दौली। कांग्रेसजनों ने पूर्व मुख्यमंत्री की मनायी पुण्यतिथि


पड़ाव। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के संयुक्त तत्वाधान में चौरहट स्थित पार्टी कार्यालय पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व पंजाब के पूर्व राज्यपाल अर्जुन सिंह की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उनको याद किया। इस दौरान वहां आयोजित गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अर्जुन सिंह एक कुशल राजनीतिज्ञ, ओजस्वी वक्ता, गरीबों मजदूरों के मसीहा व अल्पसंख्यकों के हितों के लिए सदैव संघर्ष करने वाले एक महान व्यक्तित्व थे। उनका जन्म 5 नवंबर 1930 को मध्य प्रदेश के चुरहट गढ़ी में हुआ था। वह मध्य प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री और पांच बार केंद्र सरकार में मंत्री भी रहे। अर्जुन सिंह पंजाब के राज्यपाल भी रहे। गोष्ठी में जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष औसाफ़ अहमद सिद्दीक़ी ने कहा कि अर्जुन सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में जो महत्वपूर्ण योगदान दिया उसे भुलाया नहीं जा सकता। पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन सिंह इंदिरा गांधी और संजय गांधी के काफी निकटतम लोगों में रहे। गोष्ठी में शाहिद तौसीफ, मोहम्मद आफताब कुरेशी, मिनहाज अहमद, बाबू भाई, समीउद्दीन अहमद, जुल्फिकार अहमद, शारदा प्रसाद, मोहम्मद नदीम, मोहम्मद मोहसिन, परवेज अहमद, सोनू सिद्दीकी आदि प्रमुख लोग रहे।