Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

चीन के पूर्व राष्ट्रपति जियांग जेमिन का 96 साल की उम्र में निधन, काफी समय से थे बीमार


बीजिंग,  चीन के पूर्व राष्ट्रपति जियांग जेमिन (Former Chinese President Jiang Zemin) का बुधवार को 96 साल की उम्र में निधन हो गया है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि आज दोपहर स्थानीय समयानुसार 12:13 बजे शंघाई में उनका निधन हुआ। समाचार एजेंसी रायटर के अनुसार, पूर्व राष्ट्रपति जियांग जेमिन ल्यूकेमिया बीमारी से पीड़ित थे और उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।

पूर्व राष्ट्रपति ने शंघाई में अंतिम सांस ली

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति जियांग जेमिन ने अपने गृह शहर शंघाई में अंतिम सांस ली। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी, संसद, कैबिनेट और सेना ने चीन के लोगों को पत्र लिखकर उनके निधन की जानकारी दी है।

 

 

जियांग जेमिन की मौत पर जताया दुख

पत्र में लिखा गया है कि कॉमरेड जियांग जेमिन की मौत हमारी पार्टी और हमारी सेना और सभी जातीय समूहों के लोगों के लिए एक अपूरणीय क्षति है। साथ ही इस पत्र में जियांग जेमिन को एक उत्कृष्ट नेता, एक महान मार्क्सवादी, राजनेता, सैन्य रणनीतिकार और राजनयिक के रूप में वर्णित किया गया है।

एक दशक तक चीन के राष्ट्रपति रहे जियांग जेमिन

बता दें कि 1989 में लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों पर खूनी कार्रवाई के बाद जियांग को चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी का प्रमुख बनाया गया था। जियांग जेमिन करीब एक दशक तक चीन के राष्ट्रपति रहे। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कई अहम फैसले भी लिए थे। जिसका चीन पर काफी प्रभाव रहा। जियांग जेमिन का जन्म 17 अगस्त 1926 को हुआ था। 30 नवंबर को उन्होंने 96 साल की उम्र में अंतिम सांस ली।