Latest News नयी दिल्ली पटना बिहार

चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने पर जेडीयू की आई प्रतिक्रिया


पटना। : नरेंद्र मोदी सरकार ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्रियों पीवी नरसिम्हा राव,चौधरी चरण सिंह और कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न से सम्मानित किया। इससे पहले भाजपा के दिग्गज नेता लाल कृष्ण आडवाणी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भी भारत रत्न देने का एलान किया गया था।

 

जेडीयू नेता केसी त्यागी ने की पीएम मोदी की तारीफ

अब भारत सरकार द्वारा इस घोषणा के बाद सियासी प्रतिक्रियाएं भी आनी शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में जेडीयू नेता केसी त्यागी ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने पर पीएम मोदी की तारीफ की है। केसी त्यागी ने कहा कि मैं केंद्र सरकार की जितनी अधिक हो उतनी प्रशंसा करना चाहता हूं।

उन्होंने कहा कि मैं असली भारत का सम्मान करने के लिए पीएम मोदी सरकार की सराहना करना चाहता हूं। हमें इस पर गर्व है। केसी त्यागी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था बनाने में अहम योगदान दिया था।

ललन सिंह ने भी दी प्रतिक्रिया

भारत रत्न की घोषणा पर जेडीयू के दिग्गज नेता ललन सिंह की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। ललन सिंह ने कहा कि ये सभी भारत के रत्न थे और इन्हें भारत रत्न देने के लिए मैं पीएम मोदी को धन्यवाद देना चाहता हूं। उन्होंने विपक्ष पर हमला भी बोला। ललन सिंह ने कहा कि विपक्ष टाइमिंग देखता है, हम टाइमिंग नहीं देखते हैं।