पटना

जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती समारोह में बोले सीएम- एकजुट होकर रहें तो, बिहार आगे बढ़ेगा


मेरी आलोचलना से पब्लिसिटी मिलती है तो मिलती रहे : नीतीश

(आज समाचार सेवा)

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि मुझे उम्मीद है कि कोरोना के दौर से जल्द मुक्ति मिलेगी और गतिविधियां सामान्य रुप से शुरू हो सकेंगी। समाज में प्रेम, भाईचारा एवं सद्ïभाव  के सभी लोग एकजुट होकर रहें तो बिहार औ तेजी से आगे बढेगा। मुख्यमंत्री रविवार को बिहार प्रदेश जदयू कार्यालय में आयोजित जननायक स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर की जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्पूरी जी के निधन के पश्चात हम जबसे विधायक थे उस समय से कार्यक्रम करते आ रहे हैं। बाद में कर्पूरी जी की जयंती बड़े पैमाने पर मनाया जाने लगा। इस बार कोरोना की वजह से कार्यक्रम सीमित रखा गया। पिछले वर्ष २४ जनवरी २०२० को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित कार्यक्रम में यह एलान किया गया था कि अगला कार्यक्रम बापू सभागार में किया जायेगा लेकिन कोरोना की वजह से बापू सभागार में कार्यक्रम आयोजित नहीं हो पाया मगर यह कार्यक्रम आज कर्पूरी सभागार में हो रहा है। अगले वर्ष कर्पूरी जी की जयंती पर बापू सभागार में कार्यक्रम आयोजित होगा।

उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि कारोना के दौर से जल्दी ही मुक्ति मिलेगी और गतिविधियां सामान्य रूप से शुरू हो सकेंगी। कारोना काल में बिहार से बाहर रह रहे लोगों की मदद के लिए काफी कुछ किया गया। बिहार आये लोगों को उचित सुविधायें दी गयी। कोरोना सं संबंधित चीजें की प्रतिदिन हम समीक्षा करते रहे हैं और उससे बचाव के लिए लगातार करम किये जाते रहे हैं। कल के आंकड़ों के अनुसार देश में १० लाख की आबादी पर जितनी कोराना की जांच हो रही है बिहार में उससे २१ हजार ज्यादा जांच हो रही है। देश में अब तक १९ करोड़ लोगों कोरोना की जांच की गयी है और बिहार में दो करोड़ से ज्यादा जांच की गयी है। केंद्र द्वारा पूरे देश में १६ जनवरी से कोरोना वैक्सीनेशन के प्रथम फेज की शुरूआत हुई है। दूसरे फेज में ५० से उपर उम्र वालों को भी वैक्सीन दी जायेगी।

उन्होंने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर जी के विचारों को जमीन पर उतारने के लिए हम प्रयत्नशील हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जी, लोकनायक जयप्रकाश नारायणजी, राममनोहर लोहिया जी, जननायक कर्पूरी ठाकुर जी के विचारों को हमलोग लेकर आगे बढ़ रहे हैं। उनके विचारों से हमलोग प्रेरित होकर काम कर रहे हैं। हमलोगों ने न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर काम करते हुए हर इलाके और हर तबके का विकास किया है। हमलोगों ने जो भी नीतियां बनायीं उसका लाभ सबको मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार में आने के पहले ही दिन से एससी-एसटी, अल्पसंख्यक समाज, अति पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए कई कार्यक्रम चलाये गये हैं। हाशिए पर रह रहे लोगों को मुख्यधारा से जोडऩे के लिए विशेष पहल की गयी है। पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को ५० प्रतिशत आरक्षण दिया गया, जिससे समाज के हर तबके की महिलायें जनप्रतिनिधि के तौर पर जनसेवाओं से जुड़ी।

उन्होंने कहा कि पहले यहां क्या स्थिति थी। शाम होते ही लोग घरों से बाहर नहीं निकलते थे। सडक़ों की क्या स्थिति थी। युवा पीढ़ी को उस दौर की कहानी पता नहीं है। उस दौर की स्थिति और इस दौर में किये जा रहे कार्यों को युवा पीढ़ी को आप सभी बतायें। जो भी काम किये जा रहे हैं उन सब चीजों की जानकारी रखें। कहीं अगर कार्य में गड़बड़ी हो रही है तो उस पर नजर रखें और अगर उसकी जानकारी देंगे तो उस पर कार्रवाई होगी। लोगों के बीच जाकर नीतियों एवं कार्यक्रमों के बारे में चर्चा करने से उनके सुझावों और विचारों से भी आप सभी अवगत होंगे और उसकी जानकारी हमें भी मिलेगी। इससे काम करने में सहुलियत होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नयी तकनीक का सदुपयोग करना चाहिए, इसका दुरुपयोग न हो। सोशल मीडिया के माध्यम से नकारात्मक चीजों को बढ़ावा नहीं देना चाहिए। लोगों के मन में सकारात्मकता का भाव रहने से समाज आगे बढ़ेगा। कर्पूरी ठाकुर जी ने मुख्यमंत्री रहते हुए सभी लोगों के लिए काम किया, लेकिन उन्हें दो वर्षों के बाद हटा दिया गया। हमलोग भी सबके हित में काम कर रहे हैं। कभी-कभी सबके हित में काम करने से कुछ लोग नाराज हो जाते हैं। कुछ लोग सिर्फ सत्ता का सुख लेना चाहते हैं। हमलोगों के लिए सत्ता काम तलब है लोगों की सेवा करना। लोगों की सेवा करना ही हमारा धर्म हैं। लोगों के लिए हम काम करते रहे हैं। किसी की भी हमने उपेक्षा नहीं की है। बिहार आगे बढ़ रहा है और निरंतर आगे बढ़ेगा। इसे गौर से देखने और समझने की जरूरत है।

कार्यक्रम को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह, ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, सांसद सीपी चंद्रवंशी, प्रदेश उमेश सिंह कुशवाहा, पूर्व मंत्री लक्ष्मेश्वर राय एवं अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ अध्यक्ष संतोष महतो ने संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी के सांसदगण, विधानमंडल के सदस्य गण, पूर्व सदस्यगण समेत कई मौजूद थे।