Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

जम्मू-कश्मीर से पलायन कर चुके पंडितों की हो रही है वापसी, सरकार ने राज्यसभा में बताए ये आंकड़े


नई दिल्ली, : जम्मू-कश्मीर में 1980-90 के बीच आतंकवाद के चलते अपनी जमीन-जायदाद छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर आए कश्मीरी पंडितों में से 610 की संपत्ति उन्हें वापस दिला दी गई है। आतंकवाद के बढ़ने के बाद इन्हें कश्मीर घाटी से निकल जाने के लिए कहा गया था। इनमें से ज्यादातर जम्मू में आकर शिविरों में रहने लगे थे। यह जानकारी गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने दी है। उन्होंने बताया कि कश्मीर से विस्थापित लोगों के लिए राज्य सरकार ने तीन हजार नौकरियां सृजित की हैं। ये नौकरियां प्रधानमंत्री विकास पैकेज-2015 के तहत दिए गए 1,080 करोड़ रुपये के व्यय से सृजित हुई हैं।

असम में 1.43 लाख विदेशी घुसपैठिये

असम में कार्य कर रहे फारेन ट्रिब्यूनल ने राज्य में 1,43,466 लोगों को विदेशी करार दिया है। ये लोग घुसपैठ कर भारत में आए। इनमें से 329 को उनके मूल देश वापस भेजा जा चुका है। यह जानकारी बुधवार को गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एक प्रश्न के उत्तर में राज्यसभा को दी। जिन लोगों की स्थिति संदिग्ध थी, उनमें से 1,21,589 लोगों को भारतीय घोषित किया गया है।

बीते तीन साल में बैंक का कर्ज वापस न कर पाने के कारण 16 हजार से ज्यादा लोगों ने आत्महत्या की। जबकि बेरोजगारी के चलते 9,140 लोगों ने अपनी जान दी। ये आंकड़े 2018 से 2020 तक के हैं। यह जानकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने दी है।

1,900 एनजीओ का एफसीआरए लाइसेंस रद

केंद्र सरकार ने पिछले पांच साल में करीब 1,900 गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) के एफसीआरए (फारेन कंट्रिब्यूशन रेग्यूलेशन एक्ट) लाइसेंस रद किए हैं। इन लाइसेंसों के आधार पर ही एनजीओ को विदेश से चंदा मिलता है। यह जानकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने दी है। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई 2017 से 2021 के बीच की गई। ये एनजीओ सामाजिक संगठन की कैटगरी में पंजीकृत थे। लेकिन कार्य में निर्धारित कानून का उल्लंघन कर रहे थे।

केंद्रीय पुलिस बल कर्मियों पर 1,439 मामले

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने बताया कि केंद्रीय पुलिस बलों के 1,439 कर्मी पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। इनमें से 181 पर भ्रष्टाचार के मामले हैं। इनमें सर्वाधिक 481 मामले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) कर्मियों के खिलाफ चल रहे हैं। नित्यानंद राय ने राज्यसभा को बताया कि दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के 5,500 पद रिक्त हैं। इन्हें जल्द भरा जाएगा।