News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

जयराम रमेश बोले- कंटेनर, शर्ट, जूतों को मुद्दा बनाना चाहती है भाजपा, कांग्रेस से घबरा गई


नई दिल्ली, । कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पांच महीनों की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) पर निकले हैं। इस यात्रा को लेकर भाजपा लगातार कांग्रेस पर निशाना साध रही है। वही, अब कांग्रेस ने भी भाजपा पर पलटवार किया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोमवार सुबह एक प्रेस वार्ता कर कहा कि ये भारत जोड़ो यात्रा मन की बात नहीं होगी, ये जनता की चिंता होगी। मैंने ये कभी नहीं सोचा था कि ये ‘जनता की चिंता’ के साथ ‘भाजपा के लिए चिंता’ हो जाएगी।

जयराम रमेश ने कहा, ‘जिस तरह भाजपा नेताओं के बयान आ रहे हैं, झूठे व बेबुनियाद बयान आ रहे हैं। इनसे बिलकुल साफ हो गया है कि भाजपा परेशानी में है। उससे पता चल रहा है कि भारत जोड़ो यात्रा को जनता का रिस्पांस मिल रहा है। वरिष्ठ नेताओं से, कैबिनेट मंत्रियों से (जो घोटाले में फंसे हुए हैं) हम झूठ के सिवा कुछ स्वीकार कर भी नहीं सकते हैं। आज भी उसकी मिसाल देखने को और सुनने को मिली है, ये आलोचना चलती रहेगी।’

‘पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा’

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि बीते पांच दिन में तमिलनाडु व केरल में हमारे संगठन में उत्साह देखने को मिला है। पार्टी के हर कार्यकर्ता का मनोबल बढ़ा है, भारत जोड़ो यात्रा का एक मकसद ये भी था। अलग-अलग राज्यों से भी जानकारी मिली है कि कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है। सुबह के चरण में करीब 5000 लोग रहते हैं, दोपहर व शाम के चरण में 25000 से 30000 तक लोग आते हैं। राहुल गांधी जी हर रोज 25 किमी चलते हैं।

जयराम रमेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर वो आक्रामक होंगे, तो हम डबल आक्रामक होंगे, ये समझ लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि 7 तारीख को राहुल गांधी जी 3 बजे कहां थे, किस स्मारक में थे, इसका जवाब स्मृति ईरानी को देना चाहिए। अगर उन्हें नया चश्मा चाहिए तो मैं चश्मा देने को भी तैयार हूं। भाजपा कभी कंटेनर, कभी शर्ट, कभी जूतों को मुद्दा बनाना चाहती है, इससे साफ है कि भाजपा घबराई हुई है।