पटना

जहानाबाद: कंपकपाती ठंड में गरीबों के बीच डीएम ने किया कम्बल का वितरण


रेड क्रॉस की ओर से शहर के विभिन्न टोलों, रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड में हुआ वितरण

जहानाबाद। लगातार बढ़ रहे ठंड के प्रकोप के बीच लाचार व असहाय लोगों को रेडक्रॉस की ओर से राहत देने की कोशिश जारी है। मंगलवार की शाम सोसाइटी के पदेन प्रेसिडेंट व जिलाधिकारी हिमांशु कुमार राय ने शहर के विभिन्न टोलों व रेलवे स्टेशन व बस स्टेड सहित कई अन्य जगहों पर जाकर कंबल प्रदान किया। डीएम ने शहर के गौरक्षणी, जाफ़रगंज, रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड सहित कई अन्य स्थानो पर पहुंचकर ठंड से कांप रहे लोगों को कंबल प्रदान कर उन्हें भीषण ठंड में काफ़ी राहत दी। हाड़ हिला देने वाली ठंड में कंबल पाकर संबंधित गरीबों के चेहरे दमक उठे।

दरअसल पिछले कुछ दिनो में ठंड का प्रकोप एक बार फि़र से बढ़ गया है। ऐसे में रेडक्रॉस के प्रेसिडेंट व जिलाधिकारी संस्था में उपलब्ध कंबल को साथ लेकर शाम में खुद शहर के विभिन्न इलाकों में वितरण के लिए खुद निकल पड़े। उन्होने कहा कि ठंड से असहाय लोगों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन हर स्तर से कोशिश कर रहा है। रेडक्रॉस के अलावा सामाजिक सुरक्षा कोषांग से भी कुछ कंबल की व्यवस्था की गई है। रेडक्रॉस की ओर से लगभग डेढ़ सौ कंबल का वितरण किया गया।

रेडक्रॉस के सचिव डा सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि पीड़ित मानवता की सेवा के लिए रेडक्रॉस की भूमिका विश्व प्रसिद्ध है। हर विपरित हालात में जरूरतमंदों के लिए संस्था आगे आकर मदद करती रही है। आगे भी अत्यंत गरीबों की मदद के लिए कोरोनाकाल में कई जरूरी उपाए किए जाएंगे। मास्क व अन्य जरूरी सामानो का वितरण आगे भी जारी रहेगा। कंबल वितरण के मौके पर जिला प्रशासन के कई अधिकारी के अलावा रेडक्रास के कार्यालय सचिव रंजय कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।