पटना

जहानाबाद: बिहार के स्वर्णिम भविष्य की मजबूत नींव शिक्षा के माध्यम से ही रखी जा सकती है : डीएम


बिहार दिवस पर शहर में प्रभातफ़ेरी निकाल दिया गया संदेश

जहानाबाद। सोमवार को बिहार दिवस पर शहर के अरवल मोड़ से कारगिल चौक तक प्रभात फ़ेरी निकाली गई। मौके पर जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि बिहार दिवस का संदेश जन-जन तक पहुंचाने को लेकर प्रभात फ़ेरी निकाली गई है। उन्होंने करगिल चौक पर उपस्थित छात्रें, युवाओं, बुद्धिजीवियों, महिलाओं, मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार दिवस हमें बिहार के गौरवशाली इतिहास एवं स्वर्णिम भविष्य की गाथा बताता है। इस दिन यह संकल्प लेने की आवश्यकता है कि बिहार के उत्थान एवं प्रगति में हम सभी अपना योगदान करें।

डीएम ने शिक्षा के महत्व पर जोर डालते हुए कहा कि बिहार के स्वर्णिम भविष्य की मजबूत नींव शिक्षा के माध्यम से ही रखी जा सकती है। साथ ही महिलाओं को सक्षम बनाने से ही एक सशक्त और विकसित समाज का निर्माण हो सकेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि आज विश्व जल दिवस भी है। अतः हम सभी को पर्यावरण की सुरक्षा के लिए जल संचय करने की अति आवश्यकता है। इस क्रम में जिले में जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत पर्यावरण एवं जल का संरक्षण किया जा रहा है, पर जिला प्रशासन के साथ-साथ अब आप सभी को भी आगे आना पड़ेगा और पर्यावरण एवं जल का संरक्षण करना होगा।

उन्होंने छात्र-छात्राओं सहित अन्य उपस्थित लोगों से अपील किया कि बिहार दिवस के अवसर पर हमें पर्यावरण तथा जल संरक्षण के लिए भी संकल्प ले और आगे बढ़कर अपने तथा अपने आने वाले भविष्य के लिए पर्यावरण एवं जल को संरक्षण करे। मौके पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित कई अन्य पदाधिकारी व आम आवाम मौजूद थे।