पटना

अवैध खनन पर कठोरता से अंकुश लगायें: नीतीश


      • ऐतिहासिक, पुरातात्विक महत्व के पहाड़ों को संरक्षित रखें
      • मुख्यमंत्री ने की खान एवं भूतत्व की समीक्षा

(आज समाचार सेवा)

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि विभाग अवैध खनन पर कठोरता से अंकुश लगाये। इसमें संलग्न लोगों पर कठोर कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में विभाग ने इस संबंध में व्यापक कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री गुरुवार को खान एवं भूतत्व विभाग के कार्यकलाप की समीक्षा के दौरान बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि बिहार से झारखंड  के अलग होने के बाद बालू को ही राजस्व का एक मुख्य श्रोत माना जाता था। सरकार में आने के बाद हमलोगों ने सभी क्षेत्रों में विकास का काम किया है, जिससे राजस्व के कई श्रोत बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बालू आसानी से उचित कीमत पर प्राप्त हो सके, इसके लिए विभाग सतत अनुश्रवण करे ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पर्यावरणीय एवं पारिस्थितिकी संतुलन को ध्यान में रखते हुए सारे कार्य किये जायें।

बिहार में ऐतिहासिक, पुरातात्विक महत्व के पहाड़ों को संरक्षित रखना है। बैठक के दौरान विभाग के प्रधान सचिव हरजोत कौर ने विभाग के उपलब्धियों और राजस्व प्राप्ति से संबंधित तथ्यों को प्रजेंटेशन के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, खान एवं भूतत्व मंत्री जनक राम, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी, अपर मुख्य सचिव वित्त डा एस सिद्घार्थ, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, खान एवं भूतत्व के प्रधान सचिव हरजोत कौर, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह समेत विभाग के कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।