पटना

जहानाबाद: विधायक की पहल पर छात्रों ने देखी विधान सभा की कार्यवाही


54 छात्र-छात्राएं व शिक्षक हुए शामिल

जहानाबाद। जिले के घोसी विधायक काॅमरेड रामबली सिंह यादव की पहल पर क्षेत्र के मोदनगंज प्रखंड अन्तर्गत उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, वैना तथा हूलासगंज प्रखंड अन्तर्गत आदर्श राजकीय मध्य विद्यालय, बौरी के 54 छात्र-छात्राएं तथा शिक्षकों ने सप्तदश बिहार विधान सभा के पंचम सत्र मे सदन की प्रथम पाली की कार्यवाही देखी। दोनो विद्यालय के छात्रों को सुबह ही अलग-अलग वाहनों द्वारा बिहार विधान सभा ले जाया गया था। दर्शक दीर्घा मे पहुँचकर सभी छात्र-छात्रा व शिक्षकों ने सदन की कार्यवाही देखी। घोसी विधान सभा क्षेत्र के बच्चों के लिए यह पहला मौका था कि सभी ने बिहार के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री तथा बिहार के सभी मंत्रियों व विधायकों को देखकर काफी उत्साहित हुए।

वहीं प्रथम पाली की कार्यवाही समाप्ति के बाद सभी ने विधान सभा के कैन्टीन मे ही घोसी विधायक के साथ खाना खाया। अंत मे बिहार विधान सभा अध्यक्ष व जिले के तीनों विधायकों के साथ सभी ने एक साथ तस्वीर खिचबाई और खुशी-खुशी घर को लौट पड़े। मौके पर विधायक काॅमरेड रामबली सिंह यादव ने कहा है कि घोसी विधान सभा क्षेत्र के चौतरफा विकास और हर जनता के मान-सम्मान के लिए हमारा  प्रयास लगातार जारी रहेगा। इस बजट सत्र मे किए गए कई महत्वपूर्ण प्रश्नों ने घोसी विधान सभा क्षेत्र के मान-सम्मान को और बढ़ाया है और यह निरंतर जारी रहेगा।