पटना

जहानाबाद: शौच के लिए घर से बाहर निकली युवती के साथ दुष्कर्म


गांव के ही एक युवक पर लगा आरोप, प्राथमिकी दर्ज

जहानाबाद। जिले के शकुराबाद थाना क्षेत्र में शौच के लिए घर से बाहर निकली एक नाबालिक लड़की से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ में पीड़िता के पिता के बयान पर महिला थाने में गांव के ही एक युवक के खिलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कराई गई है। घटना शकूराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है। घटना के संबंध में पीड़िता के परिजन ने बताया कि किशोरी शौच के लिए गांव के बधार में गयी थी। इसी दौरान गांव के एक युवक ने अकेला पाकर उसे जबरन सुनसान जगहों पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

इधर महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचक का आरोप है कि उसकी बेटी बीते 15 अप्रैल को शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी क्रम में पहले से घात लगाए गांव का एक युवक उसे जबरदस्ती उठा लिया और गांव से कुछ दूरी पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद जब वे लोग थाना आने लगे तो तो उसे धमकी देकर रोक लिया गया। वह किसी तरह पहले शकूराबाद थाना पहुंचा। इसके बाद वहां से उसे महिला थाना भेज दिया गया। महिला थानाध्यक्ष अलका सोनी ने बताया कि लड़की की मेडिकल जांच कराई गई है। आरोपित युवक की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।