News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का निधन, पीएम मोदी ने कहा- सबसे प्यारे दोस्त के जाने से बहुत दुखी हूं


टोक्यो, । जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का इलाज के दौरान निधन हो गया है। समाचार एजेंसी एएनआइ ने जापानी मीडिया के हवाले से यह जानकारी दी है। आबे पर आज सुबह ही जानलेवा हमला हुआ था। पश्चिमी जापान के नारा शहर में 41 वर्षीय तेत्सुया यामागामी नाम के व्यक्ति द्वारा हमला किया गया। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है और उससे बंदूक भी बरामद की है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार आबे को सीने में गोली मारी गई थी।

आबे को गोली लगने के बाद कई बड़े देशों के प्रमुखों ने हमले की निंदा की। भारत के प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस घटना की निंदा की है।

  • पीएम मोदी ने आबे के साथ सबसे हालिया मुलाकात की एक तस्वीर साझा की

    पीएम मोदी ने आबे के साथ सबसे हालिया मुलाकात की एक तस्वीर साझा की

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिंजो आबे के साथ अपनी सबसे हालिया मुलाकात की एक तस्वीर साझा की है। पीएम ने लिखा कि शिंजो हमेशा भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने के लिए गंभीर रहते थे। उन्होंने अभी-अभी जापान-भारत एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला था।

  • 03:10 PM, 08 Jul 2022

    राजनाथ सिंह ने भी दुख जताया

    जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे के निधन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि भारत ने एक करीबी दोस्त खो दिया है जिसने भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में काम किया था।

  • 03:01 PM, 08 Jul 2022

    भारत में शनिवार को राष्ट्रीय शोक

    पीएम मोदी ने दुख जताते हुए कहा कि शिंजो आबे के निधन पर हमारी गहरी संवेदना है और इसी के चलते देश में शनिवार (9 जुलाई) एक दिन का राष्ट्रीय शोक होगा।

  • 02:52 PM, 08 Jul 2022

    पीएम मोदी ने आबे के निधन पर जताया शोक

    पीएम मोदी ने  आबे के निधन पर जताया शोक

    पीएम मोदी ने शिंजो आबे के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि मैं अपने सबसे प्यारे दोस्तों में से एक शिंजो के जाने से काफी दुखी हूं। वह एक महान वैश्विक राजनेता और एक उल्लेखनीय प्रशासक थे। उन्होंने जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

  • 02:39 PM, 08 Jul 2022

    शिंजो आबे का निधन, जापानी मीडिया ने की पुष्टी

    जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की निधन की पुष्टि हो गई है। आबे को क्योटो के पास नारा शहर में एक राजनीति कार्यक्रम में भाषण देने के दौरान गोली मार दी गई थी। जापान के स्थानीय एनएचके वर्ल्ड न्यूज ने निधन की पुष्टी की है।

  • 02:12 PM, 08 Jul 2022

    चीनी सोशल मीडिया पर जापान विरोधी पोस्ट, हमलावर की कर रहे सराहना

    जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर हमले की रिपोर्ट के बाद, चीनी लोगों ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर हमलावर की सराहना करते हुए उसे नायक तक कह दिया और आबे के लिए “मृत्यु की कामना” के जश्न मनाने वाले संदेश पोस्ट करना शुरू कर दिया।

  • 01:46 PM, 08 Jul 2022

    बोरिस जानसन ने भी आबे पर हुए हमले को लेकर जताया दुख

     बोरिस जानसन ने भी आबे पर हुए हमले को लेकर जताया दुख

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने भी शिंजो आबे पर हुए हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बारे जानकर उन्हें काफी दुख हुआ है।

  • 01:32 PM, 08 Jul 2022

    हमलावर ने बताई हमले की वजह

    हमलावर ने बताई हमले की वजह

    स्थानीय मीडिया के अनुसार हमलावर ने शिंजो आबे पर हमला करने की वजह का खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार हमलावर ने बताया कि वह जापान के पूर्व प्रधानमंत्री से काफी नाखुश था और इसलिए ही उन्हें जान से मारना चाहता था।