Latest News नयी दिल्ली पंजाब

भगवंत मान की पत्नी डा. गुरप्रीत कौर का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड


चंडीगढ़। पंजाब के सीएम भगवंत मान की पत्नी डा. गुरप्रीत कौर का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया है। उनका ट्विटर अकाउंट क्यों सस्पेंड किया गया अभी इसका पता नहीं चल पाया है। कल जब विवाह की रस्में शुरू हुई थी तो गुरप्रीत कौर ने अपनी फोटो ट्विटर पर शेयर की थी। इसके बाद उन्होंने अपनी शादी से संबंधित कई लोगों के संदेश को रिट्वीट किया था। 

गत दिवस डा. गुरप्रीत कौर ने भगवंत मान और उनकी मां हरपाल कौर के साथ ट्विटर पर फोटो भी शेयर किया। इससे पहले उन्होंने अपना फोटो शेयर करते हुए लिखा- दिन शगना दा चढय़ा…। उन्होंने मान की बहन मनप्रीत के साथ बोली भी डाली। बहन ने मेजेंटा रंग की ड्रेस पहनी थी।

बता दें, गुरप्रीत कौर कल भगवंत मान के साथ सिख परंपरा (आनंद कारज) के अनुसार विवाह बंधन में बंधी। गुरप्रीत कौर मूलरूप से कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा की रहने वाली हैं। विवाह समारोह में दोनों परिवारों के सीमित रिश्तेदारों के अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा, संजय सिंह परिवार सहित शामिल हुए। इसके अलावा निहंग प्रमुख बाबा बलवीर सिंह और प्रख्यात गीतकार मान मराड़ांवाला भी मौजूद थे।

गुरप्रीत कौर एमबीबीएस डाक्टर हैं। वह इस समय पटियाला जिले के राजपुरा में रहती हैं। उनके पिता इंद्रजीत सिंह नत कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा खंड के गांव मदनपुर के सरपंच रह चुके हैं। पिता परिवार सहित मोहाली में रहते हैं। डा. गुरप्रीत कौर की दो बड़ी बहनें हैं। एक अमेरिका व दूसरी आस्ट्रेलिया में रहती हैं।

भगवंत मान ने विवाह को सादगीपूर्ण रखा। न तो बैंड-बाजा था और न ही डीजे। सजावट भी बहुत साधारण थी। सीएम हाउस में ही आनंद कारज की रस्में पूरी की गईं। कार्यक्रम को चमक-दमक से दूर रखा गया। केजरीवाल विवाह में परिवार के मुखिया की भूमिका में नजर आए। वह मेहमानों का हाथ जोड़ कर स्वागत करते रहे। पिता की सभी प्रमुख रस्में उन्होंने ही निभाईं। उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने गुरप्रीत को गले लगाकर बधाई दी।