Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

झड़प के दौरान चाकूबाजी में शामिल आरोपी को पुलिस ने मारी गोली, सावरकर के पोस्टर पर हुआ था विवाद


शिवमोगा, कर्नाटक के शिवमोगा में एक शख्स को चाकू मारने की घटना में शामिल आरोपी पुलिस की गोली से घायल हो गया है। पुलिस की गोली आरोपी की पैर में लगी है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका नाम मोहम्मद जबी उर्फ चर्बी बताया जा रहा है।

एजेंसी में छपी खबर के मुताबिक, पुलिस की एक टीम आरोपी चर्बी को हिरासत में लेने गई थी। पुलिस को देखकर चर्बी ने हमला कर दिया। विनोबा नगर पुलिस थाना के एसआई मंजूनाथ एस कूकी ने अपने बचाव में गोली चला दी। गोली चर्बी के दाएं पैर में लगी है। अधिकारियों ने बताया कि चर्बी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि चर्बी मरनामी बैलू का रहने वाला है।

गौरतलब है कि सोमवार को स्वतंत्रता सेनानी वीर विनायक दामोदर सावरकर और मैसूरु के शासक रहे टीपू सुल्तान के पोस्टर लगाने को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान दो समुदाय के लोगों के बीच झड़प हो गई। झड़प के बीच प्रेम सिंह (20) नाम के एक शख्स पर चाकू से हमला हुआ था।

चारों आरोपी गिरफ्तार

झड़प के बाद जिले में धारा 144 लगा दी गई है। इसके अलावा आरोपी नदीम, तनवीर, चर्बी और अब्दुल रहमान के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा जिला प्रशासन ने भद्रावती और शिवमोगा में स्कूल-कॉलेजों में अवकाश की घोषणा की है।

राजस्थान का रहने वाला है घायल

पुलिस अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि घायल युवक प्रेम सिंह राजस्थान का रहने वाला है। प्रेम कपड़े की एक दुकान में काम करता है। जिस दुकान पर वह काम करता है। झड़प उसी इलाके में हुई थी। पुलिस ने बताया कि प्रेम सिंह झड़प में शामिल नहीं था, लेकिन चार लोगों ने उसे चाकू मार दिया। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।