News TOP STORIES झारखंड रांची राष्ट्रीय

झारखंड में कांग्रेस की प्रदेश कमेटी का ऐलान, 11 उपाध्यक्ष, 35 महासचिव और 82 सचिव नियुक्त


रांची, कांग्रेस पार्टी ने अपनी झारखंड इकाई में बड़ा बदलाव करते हुए शनिवार को राज्य में एक राजनीतिक मामलों की समिति, 11 उपाध्यक्षों, 35 महासचिवों, 82 सचिवों और एक नई कार्यसमिति नियुक्त की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 26 सदस्यीय राजनीतिक मामलों की समिति के पैनल में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी अविनाश पांडे, राज्य इकाई के प्रमुख राजेश ठाकुर, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, रामेश्वर उरांव और अजॉय कुमार की नियुक्त की। कार्यकारिणी में शामिल होने वालों में आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव, अजॉय कुमार, कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय से जुड़े समन्वयक प्रणव झा और गौरव वल्लभ शामिल हैं।

बता दें कि कांग्रेस झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार का हिस्सा है। छह सालों के लंबे अंतराल के बाद झारखंड में कांग्रेस की कार्यसमिति का गठन हुआ है। झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष को बदलने को लेकर भी कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि, कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने राजेश ठाकुर पर भरोसा बरकरार रखते हुए झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर कोई बदलाव नहीं किया है।

भारत जोड़ो यात्रा में भाजपा पर सरकार गिराने के प्रयास का आरोप

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन में कांग्रेस ने शुक्रवार को धनबाद में पदयात्रा की। इस पदयात्रा के बहाने कांग्रेस ने झारखंड में चुनावी बिगुल फूंक दिया। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री व भारत जोड़ो यात्रा के झारखंड संयोजक सुबोधकांत सहाय, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2024 में झारखंड से भाजपा का सफाया करने का आह्वान किया। कांग्रेस की पदयात्रा स्टील गेट से दोपहर करीब ढ़ाई बजे शुरू हुई। करीब चार किमी की पदयात्रा जिला मुख्यालय रणधीर वर्मा चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई।

सभा को संबोधित करते हुए सुबोधकांत सहाय ने कहा कि भाजपा पिछले तीन वर्ष से झारखंड की हेमंत सरकार को गिराने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बहादुरी से भाजपा की हर चाल को नाकाम कर रहे हैं। उन्होंने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान कार्यकर्ताओं से किया। मंत्री बन्ना गुप्ता ने भाजपा पर वोट के लिए धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप लगाया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि ईडी, सीबीआइ व राज्यपाल के जरिए हमारी गठबंधन की सरकार को गिराने की भाजपा कोशिश कर रही है।