Latest News झारखंड नयी दिल्ली रांची राष्ट्रीय

झारखंड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दौरे को लेकर सुरक्षा-व्यवस्था दुरूस्त करने में जुटी हेमंत सरकार


रांची, Draupadi Murmu on Jharkhand Tour on November 14 & 15 झारखंड सरकार ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 14-15 नवंबर को राज्य दौरे के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया है। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा सचिव राहुल पुरवार बिरसा कालेज मैदान, खूंटी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव मनीष रंजन खूंटी के उलिहातू और जल संसाधन विभाग के सचिव प्रशांत कुमार मोरहाबादी, रांची में होने वाले कार्यक्रम के लिए नोडल पदाधिकारी बनाए गए हैं।

द्रौपदी मुर्मु इस कार्यक्रम में होंगी शामिल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बिरसा कालेज मैदान, खूंटी में महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगी। उनका महिला स्वयं सहायता समूह से बातचीत का भी कार्यक्रम है। उलिहातू, खूंटी में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि करेंगी। राष्ट्रपति मोरहाबादी, रांची में होने वाले झारखंड स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी।

राष्ट्रपति की सुरक्षा में न हाे चूक: रमेश बैस

राज्यपाल रमेश बैस ने शुक्रवार को राजभवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के झारखंड आगमन को लेकर राजभवन में राज्य के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस क्रम में उन्होंने अधिकारियों के साथ उनके आगमन को लेकर की जा रही तैयारियों, खूंटी के उलिहातु एवं रांची के कार्यक्रमों की रूपरेखा, कारकेड एवं विधि-व्यवस्था आदि की समीक्षा की। राज्यपाल ने इस क्रम में कहा कि राष्ट्रपति की सुरक्षा में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। साथ ही कार्यक्रम में किसी तरह का व्यवधान नहीं आए। उन्होंने सभी प्रोटोकाल का अनिवार्य रूप से पालन किए जाने पर भी जोर दिया।

बैठक में ये रहें उपस्थित

बैठक में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा, राज्यपाल के प्रधान सचिव डा. नितिन मदन कुलकर्णी, मंत्रिमंडल समन्वय विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल एवं अपर पुलिस महानिदेशक (अभियान) श्री संजय लाटकर उपस्थित थे।

द्रौपदी मुर्मु 14 नवंबर को आएंगी रांची

बता दें कि राष्ट्रपति 14 नवंबर को रांची आएंगी। उनका 15 नवंबर को खूंटी के उलिहातू में कार्यक्रम है। राष्ट्रपति इसी दिन राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होंगी।