Latest News उड़ीसा खेल राष्ट्रीय

डोप टेस्‍ट में फेल हुईं भारतीय एथलीट दुती चंद चार साल के लिए सस्‍पेंड –


भुवनेश्वर। भारत की धाविका दुती चांद को बड़ा झटका लगा है। दुती चंद डोप टेस्ट में फेल हो गई हैं। नतीजतन, उन्हें चार साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। प्रतिबंध की अवधि तीन जनवरी से लागू होगी।

दुती को अपना पक्ष रखने के लिए मिला 21 दिन का समय

डोपिंग रोधी अनुशासनात्मक पैनल ने कहा कि दुती ने इस तारीख से अब तक जिन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है उनके प्रदर्शन को अयोग्य घोषित किया जाएगा। दुती को सजा के खिलाफ डोपिंग रोधी अपील पैनल के समक्ष अपना पक्ष रखने के लिए 21 दिन का समय दिया गया है।

एडीडीपी के समक्ष सुनवाई के दौरान हालांकि दुती ने प्रतिबंधित दवा लेने से इनकार किया था, लेकिन वह अपनी बेगुनाही साबित नहीं कर सकीं। दुती पर राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी के अनुच्छेद 2.1, 2.2 के उल्लंघन के लिए चार साल का प्रतिबंध लगाया गया है।

दुती के नमूने में पाई गईं ये सारी चीजें

गौरतलब है कि 2018 जकार्ता एशियाई खेल में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में दो रजत पदक जीतने वाली दुती का भुवनेश्वर में नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी के डोप नियंत्रण अधिकारियों ने पांच और 26 दिसंबर 2022 को दो बार परीक्षण किया था। जबकि उसके पहले नमूने में एनाबालिक एजेंट एंडारिन, ओस्टरिन और लिगैंडरोल की उपस्थिति का पता चला, दूसरे नमूने में एंडारिन और ओस्टारिन पाए गए थे।

दुती के पास तब प्रतिकूल विश्लेषणात्मक निष्कर्ष (एएएफ) नोटिस मिलने की तारीख से सात दिनों की अवधि के भीतर अपने ‘बी’ नमूने के परीक्षण के लिए जाने का विकल्प था। हालांकि, उन्होंने इसका विकल्प नहीं चुना और इसके परिणामस्वरूप नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी द्वारा अस्थायी निलंबन लगाया गया।