Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

ताइवान के वायु रक्षा पहचान क्षेत्र में चीनी लड़ाकू विमानों ने फिर की घुसपैठ


ताइपे,  चीन और ताइवान के बीच लंबे समय से तनाव का माहौल है। इस बीच, स्थानीय मीडिया ने बताया कि चार चीनी लड़ाकू विमानों ने शुक्रवार को ताइवान के वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (एडीआइजेड) में घुसपैठ की है। ताइवान न्यूज ने देश के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय का हवाला देते हुए कहा कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी एयर फोर्स (PLAAF) के चार शेनयांग J-16 फाइटर जेट्स ताइवान के वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (ADIZ) में प्रवेश कर गए।

इस साल अब तक एक दिन में ताइवान के एडीआइजेड में घुसपैठ करने वाले चीनी सेना के विमानों की सबसे अधिक संख्या 23 जनवरी को दर्ज की गई है, जब 39 चीनी विमानों को ताइवान के वायु क्षेत्र में घुसते हुए देखा गया था।

ताइवान न्यूज ने बताया कि अक्टूबर 2021 की शुरुआत के बाद से यह संख्या सबसे अधिक थी, जिसमें 4 अक्टूबर को 56 विमानों का रिकार्ड था।

बता दें कि बीजिंग ताइवान पर पूर्ण संप्रभुता का दावा करता है। मुख्य भूमि चीन के दक्षिण-पूर्वी तट पर स्थित ताइवान में लगभग दो करोड़ चालीस लाख (24 मिलियन लोगों) का लोकतंत्र है। इस तथ्य के बावजूद कि दोनों पक्ष सात दशकों से अधिक समय से अलग-अलग शासित हैं।