Latest News महाराष्ट्र

तीसरी बार भी जांच आयोग के सामने पेश नहीं हुए पूर्व मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर,


  • मुंबई, 25 अगस्त। मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह पर एक बार फिर न्यायमूर्ति चांदीवल की समिति के सामने पेश नहीं होने के लिए 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। परमबीर सिंह पर यह जुर्माना पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर लगाए गए आरोपों की जांच के लिए गठित न्यायमूर्ति चांदीवल जांच आयोग ने लगाया है। यह तीसरी बार है जब परमबीर सिंह समिति के समक्ष पेश नहीं हुए है, इससे पहले भी दो बार उन पर जुर्माना लगाया जा चुका है। कोर्ट में अनुपस्थित होने का हवाला देते हुए अनिल देशमुख के वकील ने परमबीर के खिलाफ वारंट जारी करने का भी अनुरोध किया है।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख पर अवैध वसूली का आरोप लगाने वाले पूर्व मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। बता दें कि जस्टिस केयू चांदीवाल की एक सदस्यीय समिति परम बीर सिंह की ओर से राज्य के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रही है। इस समिति का गठन महाराष्ट्र सरकार ने किया है। कई बार बुलाए जाने के बावजूद परमबीर सिंह जांच समिति के समक्ष पेश नहीं हुए, इसके लिए अब उन पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। मामले की अगली सुनवाई अब 30 अगस्त को होगी।