पटना

तेजप्रताप यादव ने प्रदेश अध्यक्ष पर लगाया आरोप


(आज समाचार सेवा)

पटना। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सह विधायक तेजप्रताप यादव ने अपने पिता लालू प्रसाद की बीमार हालत के लिए प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को कारण बताया है। तेजप्रताप ने कहा कि लालू यादव की बीमारी का कारण जगदानंद सिंह जैसे लोग ही हैं। चारा घोटाले में सजायाफ्ता अपने बीमार पिता लालू की रिहाई के लिए राष्ट्रपति को आजादी पत्र लिख रहे हैं। इसी सिलसिले में वे बिहार प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे।

तेजप्रताप ने आरोप लगाया कि उन्होंने आजादी पत्र नहीं लिखा है। उनके जैसे लोग ही लालू की बीमारी का कारण हैं। जगदानंद सिंह के चैम्बर से वापस आने के बाद तेजप्रताप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मैं यहां आया हूं लेकिन जगदानंद सिंह अपने चैम्बर में बैठे हैं। उन्होंने आजादी पत्र नहीं लिखा है। मेरे पिता की बीमार का कारण उनके जैसे लोग ही हैं।

तेजप्रताप ने यह भी कहा कि पार्टी का अध्यक्ष ऐसा होना चाहिए जो जनता के बीच का हो। यहां पर तो विधायक को भी मिलने के लिए अर्जी देनी पड़ती है। ऐसे में आप सोच सकते हैं कि आम जनता की क्या स्थिति होगी। राजद गरीबों और आम लोगों की पार्टी है। लेकिन जगदानंद सिंह तानाशाही कर रहे हैं। उन्होंने जदगानंद सिंह पर पार्टी को बर्बाद करने तक का आरोप लगा दिया। तेजप्रताप ने कहा कि मैं हसनपुर का विधायक हूं और यहां पर एक घंटे से खड़ा हूं लेकिन अभी तक वे मिले नहीं।

प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि पार्टी का अंदरूनी मामला है। उन्होंने कहा कि आजादी पत्र एक दिन में नहीं लिखे जा सकते हैं। यह काम चल रहा है। अगर किसी को पार्टी की चिंता है तो यह अच्छी बात है।