Latest News नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

तो यह है नीतीश जी का महिलाओं के सम्मान का तरीका’, गिरिराज सिंह की पोस्‍ट पर हंगामा; थानेदार लाइन हाजिर


 सीतामढ़ी। सुरसंड में थानेदार द्वारा एक महिला की बेरहमी से पिटाई का वीडियो प्रसारित होने पर हाय-तौबा मचने के बाद पुलिस कप्तान मनोज कुमार तिवारी ने आरोपी थानाध्यक्ष राजकिशोर सिंह को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया। एसपी ने अपने ऑफिस में गोपनीय सेक्शन में तैनात इंस्पेक्टर उमाशंकर को वहां भेजा है। वह एसटीएफ में मुंगेर में थे।

केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह नीतीश पर साधा निशाना

थानाध्यक्ष के द्वारा महिला पर डंडे बरसाने से पुलिस का बेरहम चेहरा सामने आया है। उनकी हर तरफ निंदा की जा रही है। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि बड़ी बेरहमी से एक अबला पर डंडे बरसा रहे हैं। इससे पुलिस की छवि धूमिल हुई है।

महिला बचने की काफी कोशिश रही है, लेकिन थानेदार उसे दौड़ा दौड़ाकर डंडे बरसाते हुए दिख रहे हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने इस वीडियो को अपने ट्वीटर हैंडल पर टैग करके नीतीश सरकार पर निशाना साधा है। इससे यह मामला और भी जोर पकड़ बैठा।

सुरसंड पुलिस की हो रही काफी किरकिरी

इसके बाद सीतामढ़ी पुलिस बैकफुट पर आ गई। पुलिस कप्तान मनोज कुमार तिवारी ने थानेदार राजकिशोर सिंह को पद से हटाकर उनकी जगह दूसरे को प्रभार सौंपा दिया। साथ ही एसडीपीओ पुपरी विनोद कुमार को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

लोग मान रहे हैं कि इस वीडियो में खाकी वर्दी में यह अफसर जिस बेरहमी से महिला पर डंडे चटका रहे हैं उससे लगता है कि वह किसी महिला को नहीं, बल्कि शातिर अपराधी पर डंडे बरसा रहे हैं। इस कारण सुरसंड पुलिस की काफी किरकिरी हो रही है।

प्रेमी युगल भागे घर से तो खड़ा हो गया इतना बवाल

बताया जाता है कि सुरसंड प्रखंड की पठनपुरा पंचायत में प्रेम-प्रसंग में कोई प्रेमी युगल पिछले दिनों फरार हो गया था। दोनों अलग-अलग गांवों के है। दोनों पक्षों से एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

कुछ दिन पहले लड़की के परिवार वाले उसे बरामद कर घर ले आए थे। तब लड़का भी घर लौट आया था। इस मामले में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी भी हुई थी। इस बीच लड़की ने स्वेच्छा से लड़के के साथ जाने की बात कही।

मामला तब बिगड़ गया जब दोनों ही तरफ से 27 दिसंबर को दोनों पक्ष सुरसंड थाने जा पहुंचे। इसी दाैरान लड़की पक्ष के लोग लड़के वाले को पीटने की फिराक में थे।

दोनों तरफ से तनातनी के बाद थाने के बाहर भीड़ जमा हो गई। लड़की पक्ष ने लड़का पक्ष के चार पहिया वाहन को तोड़-फोड़ करने की कोशिश की।

बात बढ़ी तो पुलिस बीच में पड़ी। तब तक थानाध्यक्ष की एंट्री हो जाती है और उन्होंने आव-देखा न ताव डंडे लेकर उस महिला पर बरसाने लगे। इस मामले में पुपरी एसडीपीओ का कहना है कि पूरे मामले की जांच चल रही है।