News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

त्रिपुरा में भाजपा को बड़ा झटका, दो विधायकों ने छोड़ी पार्टी,


अगरतला, । त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, सोमवार को त्रिपुरा से भाजपा विधायक सुदीप राय बर्मन और उनके करीबी सहयोगी आशीष कुमार साहा ने त्रिपुरा विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ दी है। राय बर्मन और साहा ने स्पीकर रतन चक्रवर्ती से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया है। दोनों अब दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। बता दें कि इन दोनों ही विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा है। दोनों नेता दिल्ली में आकर कांग्रेस की सदस्यता ले सकते हैं। साहा ने कहा कि वह 12 फरवरी को त्रिपुरा वापस आएंगे। उन्होंने बताया कि दोनों ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष माणिक साहा को भी पत्र भेज दिया है, जिसमें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

सुदीप राय ने पहले ही दिखा दिए थे बागी तेवर

भाजपा के बागी विधायक सुदीप राय बर्मन ने पहले ही अपने बागी तेवर दिखा दिए थे। बर्मन ने कुछ दिन पहले त्रिपुरा सरकार पर हमला करते हुए कहा था कि राज्य में लोकतंत्र नहीं है और यहां लोगों का दम घुट रहा है। साथ ही कहा था कि वह लोगों की राय लेने के बाद अपने भविष्य पर फैसला करेंगे। राज्य में 2023 में विधानसभा के चुनाव होने हैं। गौरतलब है कि 60 सदस्यीय विधानसभा में दो विधायकों के इस्तीफे के साथ भाजपा की संख्या अब 33 हो गई है।

बता दें कि बर्मन ने कहा था कि उनके करीबी सहयोगी आशीष साहा और उनके कार्यकर्ता पिछले कुछ दिनों से राज्य के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर रहे हैं और लोगों से बातचीत कर उनके मन की बात जान रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम अब सरकार से पीड़ित लोगों की आवाज सुन रहे हैं। उन्होंने इस दौरान यह भी दावा किया था कि लोग अब सरकार से तंग आ चुके हैं क्योंकि सरकार उनके हितों की पूर्ति नहीं कर रही है।