पटना

त्रिपुरा में भी होगा जदयू का विस्तार : आरसीपी सिंह


पटना (आससे)। त्रिपुरा जदयू के प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह से मुलाकात की। सुब्रत सेन के नेतृत्व में आये इस प्रतिनिधिमंडल में जावेद मियां, राजीव दास समेत कई नेता शामिल थे। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह एवं संजय वर्मा मौजूद रहे।

आरसीपी सिंह ने त्रिपुरा में पार्टी के विस्तार हेतु प्रतिनिधिमंडल के नेता सुब्रत सेन को आज ही वहां का संयोजक मनोनीत किया और राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह एवं संजय वर्मा ने उन्हें इस आशय का पत्र सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल से बात करते हुए आरसीपी सिंह ने कहा कि जदयू देश की एकमात्र पार्टी है जो गांधी, जेपी, लोहिया, अम्बेडकर और कर्पूरी के सपनों को मूर्त रूप दे रही है। उन्होंने कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार ने इन्हीं महापुरुषों के विचारों और आदर्शों पर चलकर नये बिहार का निर्माण किया है।

राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह एवं संजय वर्मा ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि शीघ्र ही जदयू के राष्ट्रीय पदाधिकारी त्रिपुरा के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे। आगे चलकर राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह भी त्रिपुरा जाकर वहां के साथियों से मिलेंगे।