पटना

पटना: होल्डिंग टैक्स के वार्षिक किराया मूल्य के संशोधन का प्रस्ताव पारित


होल्डिंग टैक्स वसूल रही कंपनी स्पैरो की लीज अवधि में किया गया विस्तार

(आज समाचार सेवा)

पटना। होल्डिंग टैक्स के वार्षिक किराया मूल्य के संशोधन का प्रस्ताव नगर निगम बोर्ड की बैठक में पास हो गया जिसे अब नगर विकास विभाग की सहमति मिलते ही पटना नगर निगम इस वार्षिक किराया मूल्य को लागू कर देगा। हालाकि इस बढ़ोतरी पर हुयी चर्चा में पाटलिपुत्र सांसद रामकृपाल यादव ने कहा कि एकमुश्त इतना वृद्धि करना यह न्यायोचित नहीं है। इस पर सरकार से वार्ता करने के बाद ही इसे संलेख मे लाना चाहिए।

वहीं सशक्त स्थायी समिति सदस्य डा अशीष कुमार सिन्हा ने कहा कि पटना नगर निगम में यह एक्ट है जिसे प्रत्येक पांच साल में वृद्धि करने का प्रस्ताव है फिलहाल नगर निगम तो पंद्रह फीसदी वृद्धि का ही प्रस्ताव लायी है। भारत में प्रति व्यक्ति प्रॉपर्टी टैक्स 486 रुपया है लेकिन पटना में मात्र 126 रुपया ही है। इससे आमजन ज्यादा प्रभावित नहीं होगा। वहीं दूसरी ओर नगर निगम के होल्डिंग टैक्स में कलेक्शन तथा नये होल्डिंग बनाने में लगी कंपनी स्पैरो की लीज अवधि में विस्तार किया गया है। अब यह कंपनी 2022 तक होल्डिंग टैक्स वसूलेगी।

चर्चा में पूर्व उप महापौर विनय कुमार पप्पू ने कहा कि अगर यह एजेंसी सही तरीके से कार्य कर रही है तो हमलोग को इसे विस्तारित किया जाना चाहिए। नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा ने कहा कि स्पैरो के माध्यम से हमारे कर में वृद्धि हो रही है। प्रत्येक वर्ष नए होल्डिंग को चिन्हित करना तथा इनसे कर वसूलना इनकी मुख्य जबाबदेही दी गयी है। वितीय वर्ष 2019-20 में अब तक 56 करोड़ की राशि वसूल की है तथा नये होल्डिंग का भी आकलन किया है। वहीं नगर निगम बोर्ड की बैठक में बीते बैठक की कार्यवाही सही तरीका से नहीं मिलने के कारण अधिकांश पार्षदो ने नाराजगी व्यक्त की तथा महापौर पर भी विरोधियों के मुद्दे को नहीं उठाने का आरोप लगाया है।

नगर आयुक्त ने कहा कि बैठक की कार्यवाही तैयार करने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पटना नगर निगम के वार्ड संख्या 62,44,35 तथा 39 में हाईइल्ड टयूबबेल का निर्माण किया जाएगा। रामाचक बैरिया स्थित पटना नगर निगम के लिगेसी वेस्ट के बायो माइनिंग के लिए 610 रुपया प्रतिघन मीटर की स्वीकृति प्रदान की गयी है। इसका उपयोग ठोस अपशिष्ट का वर्गीकरण के लिए किया जाएगा। पटना नगर निगम क्षेत्र में निर्माणाधीन तीन मॉलों के निविदा को रद्द कर दिया गया है तथा नये सिरे से निविदा की प्रक्रिया की जाएगी। नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा ने कहा कि आइडा को प्लान बनाना है तथा उसे बोर्ड के समक्ष प्लान प्रस्तुत करना है तथा उसे लागू करना होगा।

वहीं पटना नगर निगम क्षेत्र में जीविका दीदियों के लिए जगह व दुकान भी आवंटित कराया जाएगा। जीविका द्वारा काफी सराहनीय कार्य किया जा रहा है। हमें इनके कार्य को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। जलापूर्ति शाखा के कार्यपालक अभियंता बद्री प्रसाद साह की सेवा वापस करने का निर्णय तमाम पार्षदों ने लिया है। सभी पार्षदों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बद्री प्रसाद की कार्यशैली सही नहीं है। पटना नगर निगम क्षेत्र में आइओसीएल के माध्यम से तीन पेट्रोल पंप खोला जाएगा। इन पेट्रोल पंपो का संचालन नगर निगम खुद करेगा तथा नगर निगम के वाहनों के अलावा अन्य नागरिकों को भी ईंधन की आपूर्ति करेगा।

ठोस कचड़ा उठाव के लिए पटना नगर निगम में 150 ई रिक्शा तथा डोर टू डोर कचड़ा संग्रहण के लिए प्रत्येक अंचल में 10-10 क्लोज टिपर की खरीदारी की जाएगी। पटना नगर निगम क्षेत्र में खटाल संचालकों द्वारा इधर उधर गोबर फेंकने के कारण नाला जाम की समस्या होती है। इसके लिए नगर निगम द्वारा खटालों से गोबर उठाव किया जाएगा तथा उन्हें आगाह किया जाएगा कि इस तरह गोबर फेंककर नाला जाम की समस्या से निजात मिले। पटना नगर निगम के किसी एक वार्ड में प्रायोगिक तौर पर डोर टू डोर कूड़ा उठाव की संपूर्ण प्रक्रिया को आउटसोर्स करने की स्वीकृति प्रदान की गयी है।

पीपीपी मोड पर संचालित किए जाएंगे पटना नगर निगम की पार्किंग। इसके अलावा मीठापुर बस स्टैंड तथा ट्रांसपोर्ट नगर की पार्किंग को भी पीपीपी मोड में संचालित किया जाएगा। पटना नगर निगम के वार्ड संख्या 62 अंतर्गत छटंकी पुल से गुरु गोविंद सिंह पथ तक सडक़ सह नाला निर्माण कार्य के पुनरीक्षित तकनीकी अनुमोदन के उपरांत प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गयी है। वहीं ड्रामा स्कूल हे लिए राजा घाट में स्थल व्यवस्था एवं इस कार्य के लिए नाटय संस्था को आमंत्रित किया गया है। नगर निगम बोर्ड की बैठक में मेयर, डिप्टी मेयर सहित अन्य पार्षद उपस्थित थे।