पटना

लालू यादव की तबीयत बिगड़ी


रांची (एजेंसी)। चारा घोटाला में सजायाफ्ता लालू यादव की तबीयत गुरुवार शाम अचानक बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही है। निमोनिया के लक्षण भी नजर आ रहे हैं। रांची के रिम्स में लालू की कोरोना की जांच के लिए एंटीजन टेस्ट भी कराया गया, जो निगेटिव आया।

लालू की तबीयत बिगडऩे की सूचना पर रिम्स अधीक्षक विवेक कश्यप, जेल आईजी और जेल अधीक्षक रिम्स के पेइंग वार्ड पहुंचे। यहीं पर लालू का इलाज चल रहा है। अभी स्थिति नियंत्रण में है।

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता भी रिम्स पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह सुरक्षा और सफाई का जायजा लेने आए थे। लालू यादव से उनकी मुलाकात नहीं हुई। लालू की तबीयत के बारे में सवाल किया गया तो बन्ना गुप्ता बोले कि कोई जानकारी नहीं है।

डॉक्टर उमेश प्रसाद के मुताबिक, लालू यादव की किडनी 25त्न काम कर रही है। पहले के मुकाबले 10 प्रतिशत गिरावट है। अगर 10-12 प्रतिशत की और गिरावट आई तो लालू को डायलिसिस की जरूरत पड़ सकती है। दो साल तक इन्सुलिन और डॉक्टर्स की निगरानी में किडनी ने बेहतर काम किया, लेकिन अब यह फिर बिगड़ रही है। लालू डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट की बीमारी, क्रॉनिक किडनी डिजीज (स्टेज थ्री) जैसी बीमारियों का इलाज करवा रहे हैं।

लालू झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में सबसे ज्यादा दिनों तक इलाज कराने वाले मरीजों में से हैं। वे यहां ढाई साल से भर्ती हैं। रिम्स आने से पहले वे एम्स में भर्ती थे। 29 अगस्त 2018 को लालू को रिम्स की कार्डियोलॉजी बिल्डिंग में शिफ्ट किया गया था। कार्डियोलॉजी विभाग में कुत्तों की आवाज से परेशान होने के बाद 5 सितंबर को उन्हें रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती कराया गया था। 5 अगस्त 2020 को राजद सुप्रीमो को कोविड संक्रमण के डर से रिम्स के केली बंगले में शिफ्ट कर दिया गया था।

हालांकि, यहां से उन्हें पिछले साल 26 नवंबर को पेइंग वार्ड में शिफ्ट किया गया। जेल अधीक्षक ने यह कार्रवाई झारखंड हाईकोर्ट में लालू की जमानत याचिका पर सुनवाई से एक दिन पहले की थी।