पटना

मधुबनी: बेनीपट्टी को बाढ़ नियंत्रण कार्यालय के रूप में जल्द मिलेगी सौगातः संजय झा


बेनीपट्टी (मधुबनी)(आससे)। सूबे के जल संसाधन मंत्री संजय झा अपने काफिले के साथ बुधवार को बेनीपट्टी प्रखंड क्षेत्र के अग्रोपट्टी पहुंचे। वहां उन्होंने महाराजी सह जमींदारी बांध का निरीक्षण किया। वे खिरोई नदी के किनारे होते हुए उस स्थान तक भ्रमण कर जायजा जहां तीन दिशाओं से नदी की धाराएं और उपधारा आकर मिलती है। मंत्री के समक्ष कई ग्रामीणों ने बांध मरम्मती के नाम पर संवेदक और विभागीय पदाधिकारियों द्वारा खानापूरी किये जाने की शिकायत की। मंत्री ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से कई विन्दुओं पर जानकारी ली।

मंत्री श्री झा ने कहा कि पहले जमींदारी सह महराजी बांध की देख-रेख और मरम्मति की जबावदेही जल संसाधन विभाग के अधीन नही था। बाढ़ की भयावह स्थिति और पिछले बार आयी बाढ़ के दौरान बेनीपट्टी और बिस्फी प्रखंड में कुछ जगहों पर धौंस नदी के तटबंध और महाराजी बांध टुटने से तबाही की जानकारी मिली तो इस बार हमने अपने विशेष प्रयास से इसे मरम्मत कराने की पहल की। हालांकि इस बार भी कुछ जगहों पर धौंस नदी का तटबंध टुटने की जानकारी मिली है।

मंत्री ने कहा कि बाढ़ के दौरान मोनेटरिंग में सहूलियत हो इस उदेश्य से बेनीपट्टी में बाढ़ नियंत्रण कार्यालय की जल्द स्थापना की जाएगी। उम्मीद करते हैं कि बेनीपट्टी में बाढ़ नियंत्रण का एक सेंटर जल्द ही काम करने लगेगा। बेनीपट्टी आने का मुख्य उद्देश्य नदियों और बांधों की स्थिति को नजदीक से देखना था। मंत्री ने कहा कि पिछली बार सीएम जयनगर तक यात्रा किये थे और उसी समय सीएम ने जयनगर में कमला नदी पर बराज निर्माण की घोषणा की थी। इसके बाद निविदा की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है और बरसात के बाद निर्माण का कार्य भी प्रारंभ हो जायेगा।

बराज के बनने से बाढ़ आपदा की स्थिति को कम किया जा सकेगा और पानी का उपयोग सिंचाई आदि में भी किया जा सकेगा। बेनीपट्टी में बाढ़ का कभी स्थायी समाधान भी हो पायेगा या नही के सवाल पर मंत्री श्री झा ने कहा कि बेनीपट्टी की ही बात क्यों करते हैं? पूरे मिथिलांचल को बाढ़ से स्थायी समाधान की जरूरत है न। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पास सीमित संसाधन है, जिससे स्थायी समाधान निकालना संभव नही है। स्थायी समाधान के लिये केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखा जा चुका है।

बता दें कि बेनीपट्टी में पहुंचते ही संसार पोखर के समीप जदयू नेता संजीव कुमार झा मुन्ना और बसैठ में जदयू जिला सचिव संतोष चैधरी, फिरण चैधरी और प्रखंड अध्यक्ष शशिभूषण सिंह द्वारा मंत्री श्री झा को मिथिला की रीति रिवाज के अनुसार पाग दोपट्टे व माल्यार्पण से सम्मानित किया गया। मौके पर जिला जदयू अध्यक्ष सत्येंद्र कामत, बसैठ जदयू पंचायत अध्यक्ष फिरण चैधरी, जिला सचिव संतोष कुमार चैधरी, कन्हैया चैधरी और अधिकारियों में एसडीएम अशोक कुमार मंडल, एसडीपीओ अरुण कुमार सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी राकेश कुमार रंजन, सीओ पल्लवी कुमारी गुप्ता सहित अन्य मौजूद थे।