पटना

दानापुर सिविल कोर्ट परिसर से भागने वाले 7 आरोपियों ने किया सरेंडर


कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा

पटना। बिहार की राजधानी पटना के दानापुर सिविल कोर्ट परिसर से मंगलवार को सात आरोपी भाग गए थे। उन्होंने आज कोर्ट के सामने सरेंडर कर दिया है। भारी पुलिसबल की मौजूदगी में उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। ये सभी आरोपी जमानत याचिका खारिज होते ही फरार हो गए थे। सभी सिंगौड़ी थाने के कांड संख्या 72/21 में बिजली को लेकर मारपीट व फायरिंग करने के आरोपित हैं।

बताया जाता है कि उक्त कांड में 9 लोग आरोपित थे। एसीजेएम तृतीय के यहां सभी ने ऑनलाइन सरेंडर किया। उसके बाद सभी को पेशी के लिए बुलाया गया था। पेशी के दौरान हुई बहस के बाद जब सभी की जमानत याचिका खारिज हो गई थी। इसके बाद सभी न्यायालय से चकमा देकर फरार हो गए थे। वहीं दो आरोपी वृद्ध होने की वजह से भाग नहीं पाए थे।

कोर्ट से सात आरोपितों के भागने की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई थी। फरार आरोपितों में नरौली मढ़िया निवासी सोनू यादव, लल्लू यादव, सिद्धनाथ यादव, उपेन्द्र यादव सभी पिता जट्टा यादव और चंदन कुमार, मुकुल कुमार, राज कुमार सभी पिता सिद्धनाथ यादव शामिल थे। इस संदर्भ में एसीजेएम तृतीय की पीठ कार्यालय लिपिक सह पीठ लिपिक अरविंद कुमार ने दानापुर थाने में सभी फरार आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।