Latest News नयी दिल्ली

दिल्ली के पूर्व मंत्री अशोक वालिया नहीं रहे, राहुल और कई अन्य नेताओं ने दुख जताया


नयी दिल्ली कांग्रेस नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री अशोक कुमार वालिया का बुधवार को देर रात निधन हो गया। 72 वर्षीय वालिया कोरोना वायरस से संक्रमित थे।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा, “दिल्ली के विकास में अपना बहुमूल्य योगदान देने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री डॉ. एके वालिया जी के कोरोना से देर रात अपोलो अस्पताल में निधन की खबर से स्तब्ध हूं। भगवान दिवंगत नेता के आत्मा को शांति प्रदान करें।’

कुमार ने कहा, “दिल्ली कांग्रेस के लिए यह अपूर्णीय क्षति है।”

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य नेताओं ने वालिया के निधन पर दुख जताया है।

राहुल गांधी ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा, ”एके वालिया जी के निधन से दुखी हूं। वह कांग्रेस पार्टी के एक बहुत ही मददगार सदस्य थे और उनमें गहरी सामाजिक चेतना थी। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है।”

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, ”मैं निजी तौर पर इसकी साक्षी हूं कि एके वालिया जी ने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर बहुत सारे लोगों की मदद की। उनके निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।”

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने ट्वीट कर कहा, ”दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर एके वालिया जी का निधन दु:खद है। एक सक्षम प्रशासक के तौर पर दिल्ली के विकास में उनका बड़ा योगदान था। उनके मृदुभाषी व सादगीपूर्ण आचरण के सभी कायल थे। उनके परिवार के प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं।”