Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

दीदारगंज से विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुखदेव राजभर का निधन,


  1. सुखदेव राजभर मायावती, कल्याण सिंह और मुलायम सिंह यादव नीत सरकारों में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके थे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राजभर के निधन पर शोक व्यक्त किया है.

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की दीदारगंज सीट से विधायक और राज्य विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव राजभर का सोमवार रात लखनऊ के एक अस्पताल में निधन हो गया. वह 70 साल के थे. राजभर के परिवारिक सूत्रों के मुताबिक, उन्हें सीने में परेशानी के बाद लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राजभर के निधन पर शोक व्यक्त किया है.

राजभर लालगंज क्षेत्र से चार बार विधायक रहे. वह 1991 के विधानसभा चुनाव में पहली बार विधायक बने थे. वह 1993 में सपा-बसपा गठबंधन की सरकार में मंत्री बने. वह 1996 के चुनाव में भाजपा के नरेन्द्र सिंह से पराजित हो गए थे लेकिन बाद में उन्हें विधान परिषद सदस्य चुन लिया गया था. राजभर 2002 और 2007 के विधानसभा चुनाव में फिर विजयी हुए थे. वह 2007 से 2012 तक तत्कालीन मायावती सरकार में प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष भी थे. लालगंज विधानसभा सीट सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद उन्होंने 2012 में दीदारगंज क्षेत्र से चुनाव लड़ा मगर उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा. 2017 में वह फिर से दीदारगंज सीट से चुनाव लड़े और जीत हासिल की. वह मायावती, कल्याण सिंह और मुलायम सिंह यादव नीत सरकारों में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके थे.