Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

देवरिया: अखिलेश यादव ने हत्याकांड को लेकर विपक्ष पर कसा तंज


 देवरिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र के फतेहपुर गांव के अभयपुर टोला में पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव के घर में शोक संतृप्त परिवार से मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी जाति के नाम पर राजनीति कर रही है। इस घटना का भाजपा राजनीतिक लाभ लेना चाहती है।

कहा कि इस घटना में बीजेपी की नियत साफ दिखाई दे रही है, भाजपा देश को बर्बाद करना चाहती है। यही हाल रहा तो लोग अपना वोट नहीं डाल पाएंगे। कहा कि जिस तरह से यह घटना हुई है। उत्तर प्रदेश में कहीं और नहीं देखी, घटना के प्रति आम जनमानस में आक्रोश है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए कहा कि योगी बाबा के गृह जनपद के बगल में यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है।

जनता नहीं चलाने देगी बुलडोजर

बुलडोजर चलाने के सवाल पर अखिलेश यादव भड़क गए कहा, कैसे बुलडोजर चला देंगे। बुलडोजर जनता नहीं चलाने देगी। प्रेमचंद के घर पर अगर सरकार बुलडोजर चलाती है तो जिस तरह से सरकार अपनी जमीनों पर बने भवनो का मुआवजा लेती है, वैसे ही यहां अभी मुआवजे की व्यवस्था करे। कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति की बात करती है और यहां एक नहीं दो-दो परिवारों के लोगों की जान चली गई। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण व दुखद है।

विकास दुबे के परिवार को क्यों नहीं लगाया गले: अखिलेश

मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि विकास दुबे की गाड़ी पलटी थी, वह भी ब्राह्मण थे। उनके परिवार को क्यों नहीं गले लगाया। कहा कि इस घटना में शामिल छोटे-छोटे 20 कर्मचारियों पर प्रशासन ने कार्रवाई कर दी। लेकिन बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई क्यों?

कहा कि निर्दोष लोगों को पुलिस ने घटना में फंसाया है। यहां की महिलाओं ने अपना दर्द बयां किया है, पुलिस लोगों पर ज्यादती कर रही है। जनता की ताकत के सामने सरकार की ताकत कुछ नहीं है।

हम भी राम मंदिर बना रहे हैं

पत्रकारों द्वारा राम मंदिर दर्शन करने जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि हम भी राम मंदिर बना रहे हैं, आप लोग वहां दर्शन करने आना।

दुबे परिवार से भी मिलना चाहता था

अखिलेश यादव ने कहा कि मैं दुबे परिवार से भी मिलना चाहता था, लेकिन वह नहीं मिलना चाह रहे हैं तो उनकी मर्जी। मैं अपना काम किया। भाजपा से जाति रंग दे रही है, देवेश दुबे का बयान भाजपा के नेताओं के समझाने के बाद आ रहा है।

प्रेमचंद यादव के घर के अंदर रहे 30 मिनट

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अभयपुर टोला में पूर्व जिला पंचायत सदस्य स्व.प्रेमचंद यादव के घर में करीब 30 मिनट तक रहे ।इस दौरान स्वजन से मिलकर सांत्वना दिया। परिवार के सदस्यों की मांग पर घटना की सीबीआई से जांच करने का आश्वासन दिया। इस बीच दबंग प्रेमचंद यादव की पत्नी प्रेमशीला बिलखने लगी तो अखिलेश ने उन्हे ढांढस बंधाया। बच्चों को सहायता देने के साथ ही पढ़ाने का भी आश्वासन दिया। बेटी अलका ने अखिलेश का पैर छुए तो उन्होंने रोकते हुए आशीर्वाद दिया।