पटना

द कश्मीर फाइल्स को लेकर बिहार विधानसभा में हंगामा, विपक्षी सदस्यों ने टिकट फाड़े


(आज समाचार सेवा)

पटना। बिहार विधानसभा की कार्यवाही की शुरुआत बड़े हंगामेदार तरीके से हुई। पहले हाई सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले इलाके में अचानक प्रदर्शनकारी ग्राम रक्षा दल के लोग विधानसभा गेट तक पहुंच गए। इधर सदन के अंदर फिल्म कश्मीर फाइल्स को लेकर बड़ा हंगामा हो गया। एक तरफ कांग्रेस विधायक प्रतिमा दास ने सदन में स्पीकर के माध्यम से फिल्म देखने के लिए 2 टिकटों की मांग कर दी। इसी बीच दूसरी तरफ माले विधायक इस फिल्म को बिहार में बैन करने की मांग को लेकर वेल में पहुंच गए और हंगामा करने लगे। फिल्म के खिलाफ नारेबाजी की और इसके टिकट फाड़ दिए। बता दें कि सदस्यों को आज मोना सिनेमा हॉल में यह फिल्म दिखाई जानी थी।


सदन में पास हुए कई विधेयक

पटना (आससे)। बिहार कराधान विधिसमय सीमा प्रावधानों का शिथिलीकरण विधेयक 2022 विधान सभा से पास हो गया। नगर विकास विभाग के प्रभारी मंत्री तार किशोर प्रसाद ने किया सदन में पेश। बिहार राज्य विश्विद्यालय सेवा आयोग संशोधन विधेयक 2022 भी विधान सभा में पास हुआ। बिहार कृषि विश्वविद्यालय(संशोधन) विधेयक 2022 विधानसभा में ध्वनि मत से पास किया गया। बिहार ईख(आपूर्ति एवं खऱीद का विनियमन) (संशोधन) विधेयक 2022 पास किया। गन्ना उद्योग विभाग के मंत्री प्रमोद कुमार ने सदन में विधेयक सदन में रखा।


इस मामले पर भाजपा विधायक हरी भूषण ठाकुर बचौल ने कहा कि यह छद्म धर्मनिरपेक्ष लोग हैं। जब सदन में गौशाला की जमीन को हड़पने का मामला आया तो इन लोगों ने बिना वजह कश्मीर फाइल्स फिल्म का मामला उठाकर सदन को डिस्टर्ब किया। यह लोग देशभक्ति फिल्म नहीं देखना चाहते हैं। कांग्रेस विधायक प्रतिमा दास ने दो टिकट मांगा था। उन्होंने कहा कि मैं और मेरे हस्बैंड फिल्म देखना चाहते हैं। इसके बाद सदन के द्वारा उनको और सभी महिला विधायकों को दो-दो टिकट दिया गया।