पटना

बिहार में 24 घंटे में दूसरी बार वीआईपी सुरक्षा में चूक


पटना (आससे)। बिहार में 24 घंटे के अंदर वीआईपी सुरक्षा में चूक का दूसरा बड़ा मामला सामने आया है। आज विधानमंडल के बजट सत्र की कार्यवाही शुरु होते ही विधानसभा गेट पर अचानक प्रदर्शनकारी ग्राम रक्षा दल के लोग पहुंच गए। उन्होंने जमकर हंगामा किया। पुलिस मूकदर्शक बनी रही। किसी को कुछ समझ में नहीं आया कि अचानक ग्राम रक्षा दल वाले विधानसभा गेट पर कैसे पहुंच गए, जबकि यह इलाका हाई सिक्योरिटी जोन माना जाता है। हालांकि कुछ समय बाद ही इन्हें विधानसभा गेट से हटाने में पुलिस कामयाब रही। इससे पहले कल ही बख्तियारपुर में सीएम नीतीश की सिक्योरिटी को धता बताते हुए एक शख्स ने उनपर पीछे से हमला करने की कोशिश की थी।

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने सीएम पर मुक्केबाजी का मामला सदन में उठाया। सुरक्षा में चूक मामले पर डीजीपी को हटाने की मांग की। उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने सदन को बताया कि यह घटना दु:खद है। हमला करने वाला युवक विक्षिप्त है। फिर भी सरकार पूरे मामले की जांच करवा रही है। सदन के बाहर भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा चूक में जो लोग भी दोषी हैं। उन पर जल्द से जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। यह बड़ी चूक है।

उन्होंने मुकेश सहनी पर कहा कि उनके साथ ऐसा होना ही था। क्योंकि वह लगातार भाजपा के खिलाफ बयानबाजी कर रहे थे। इससे पहले विधानसभा में मुकेश सहनी को मंत्री पद से हटाए जाने के बाद की सियासत देखी गई। जदयू नेता खुलकर बोलने को तैयार नहीं दिखे। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि यह तो मुकेश सहनी और भारतीय जनता पार्टी का मामला है। मुकेश सहनी पर क्या कार्रवाई हुई है, वह तो भारतीय जनता पार्टी के नेता बताएंगे। उनके मंत्रिमंडल कार्य में हुई गड़बड़ी को लेकर जांच कराने की बात हो रही है।