News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

नगालैंड- 0, त्रिपुरा- 3, मेघालय में 5… सरकार बनाना तो दूर विरोधियों को टक्कर भी नहीं दे सकी कांग्रेस


नई दिल्ली, । चुनावों में कांग्रेस का फ्लॉप शो जारी है। एक के बाद एक हार कांग्रेस का पीछा नहीं छोड़ रही है। पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव भी कांग्रेस के लिए बुरी खबर लेकर आए हैं। शुरुआती नतीजों के मुताबिक, कांग्रेस की तीनों राज्य- नगालैंड, मेघालय और त्रिपुरा में हालत खराब है। कांग्रेस से इन चुनावों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन कोई कमाल नहीं हुआ।

नगालैंड में नहीं खुला खाता, मेघालय में हालत खराब

कांग्रेस इस बार नगालैंड में खाता भी नहीं खोल पाई है, जबकि भाजपा गठबंधन एक बार फिर राज्य में अपनी सरकार बनाता दिख रहा है। त्रिपुरा में कांग्रेस ने लेफ्ट के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ा, लेकिन कोई खास फायदा नहीं मिला। कांग्रेस यहां तीन सीटें जीतती दिख रही है। वहीं, मेघालय में कांग्रेस का सबसे खराब प्रदर्शन देखने को मिला है। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने यहां तीन दर्जन से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार पांच सीटों पर ही सिमटती दिख रही है।

खबर लिखे जाने तक चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, कांग्रेस नगालैंड में लगभग 4 फीसदी वोट पाती दिख रही है। मेघालय में कांग्रेस को 13 फीसदी से ज्यादा वोट मिली है। वहीं, त्रिपुरा में आठ फीसदी से ज्यादा वोट मिले हैं।

उपचुनाव में कांग्रेस के लिए राहत!

तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में भले ही कांग्रेस ने खराब प्रदर्शन किया है, लेकिन पांच राज्यों की 6 सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया है। पश्चिम बंगाल की सागरदिघी, महाराष्ट्र की कस्बा और तमिलनाडु की इरोड सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी बढ़त (खबर लिखे जाने तक) बनाए हुए हैं।