Latest News नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

नवजाेत सिद्धू को बड़ा झटका, मतदान से 4 दिन पहले अमृतसर के मेयर कांग्रेस छोड़ आप में शामिल


अमृतसर। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अपना ही जिला नहीं संभाल पा रहे हैं। बुधवार को एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम में कांग्रेस से अमृतसर के मेयर कर्मजीत सिंह रिंटू ने पार्टी को अलविदा कहकर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की हाजिरी में वह आप में शामिल हो गए। जहां से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिद्धू चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं के मेयर का मतदान से चार दिन पहले कांग्रेस छोड़ आप में जाना पंजाब कांग्रेस और नवजोत सिंह सिद्धू के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

पिछले कुछ दिनों के घटनाक्रमों से स्पष्ट है कि सिद्धू अपने ही गढ़ में घिरते नजर आ रहे हैं। वह खुद अमृतसर पूर्वी सीट से चुनाव मैदान में हैं। यहां से अकाली दल ने पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया और भाजपा ने सेनानिवृत्त आईएएस डा. जगमोहन सिंह राजू को मैदान में उतार कर मुकाबला दिलचस्प बना दिया है। मजीठिया के मैदान में आने से सिद्धू को चुनाव प्रचार के लिए अपनी बेटी राबिया सिद्धू को भी मैदान में उतारना पड़ा है। एक दिन पहले ही दूसरे प्रत्याशियो के लिए चुनाव प्रचार करने वाले सिद्धू के लिए कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने अमृतसर में रोड किया है।