Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

नागालैंड से भाजपा को मिली पहली महिला सांसद, राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनी गईं फांगनोन कोन्याक


नई दिल्ली, । भाजपा को नागालैंड से पहली महिला सांसद मिल गई हैं। भाजपा नेता फांगनोन कोन्याक (S Phangnon Konyak) को सोमवार को राज्यसभा (Rajyasabha) के लिए निर्विरोध चुन लिया गया। फांगनोन नागालैंड से भाजपा की पहली महिला सांसद और पहली राज्यसभा सांसद बन गई हैं।

फांगनोन ने सोमवार सुबह ही नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष तेमजेन इमना की मौजूदगी में राज्यसभा सांसद के लिए नामाकंन भरा था। इस सीट के लिए 31 मार्च को चुनाव होना था, लेकिन उससे पहले ही उन्हें निर्विरोध चुन लिया गया। बता दें कि फांगनोन नागालैंड में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष हैं।

31 मार्च को 13 सीटों पर चुनाव

राज्यसभा की 13 सीटों पर 31 मार्च को चुनाव होना है। इनमें पंजाब में पांच , केरल में तीन, असम में दो, हिमाचल प्रदेश, त्रिपुरा और नागालैंड में एक-एक सीटें शामिल हैं। चुनाव आयोग ने इसी महीने इन सीटों के लिए चुनाव की तारीखों का एलान किया था। आयोग ने कहा था कि 6 राज्यों से चुने गए राज्यसभा के 13 सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल 2022 में खत्म हो रहा है। 31 मार्च को मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा जबकि वोटों की गिनती शाम पांच बजे को होगी।