News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

निकाय चुनाव में सपा सांसद डिंपल यादव की एंट्री मैनपुरी में बैठक कर कार्यकर्ताओं को दिया जीत का फार्मूला


मैनपुरी, । निकाय चुनाव के जीत हासिल करने के लिए समाजवादी पार्टी ने पूरी ताकत झोंकना शुरू कर दिया है। शुक्रवार सांसद डिंपल यादव ने नगर पालिका मैनपुरी और नगर पंचायत कुरावली के कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर चुनावी रणनीति पर मंथन किया। सभी से एकजुट होकर चुनाव में काम करने को कहा। पार्टी की जीत का दावा करते हुए कहा इस बार निकाय चुनाव में सपा इतिहास रचने जा रही है।

अकेले प्रत्याशी का नहीं पूरी पार्टी का चुनाव

आवास विकास कालोनी स्थित सपा जिला कार्यालय पर सांसद डिंपल यादव ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि चुनाव अकेले प्रत्याशी का नहीं पूरी पार्टी है। यह चुनाव, मेरा चुनाव है, इसलिए सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी पूरी ताकत और एकजुटता के साथ प्रत्याशी को जिताने के लिए जनता के बीच में जाएं। लोगों को सपा की नीतियों के बारे में अवगत कराएं। जनता वर्तमान प्रदेश सरकार के त्रस्त है और बदलाव के लिए सपा से उम्मीद लगाए बैठी है। आपको हर घर और व्यक्ति से संपर्क करना है। उसे सपा के समर्थन के लिए प्रेरित करना है।

महंगाई पर किया प्रहार

भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में हर वर्ग के लोग परेशान हैं। महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है। तहसीलें और थाने भ्रष्टाचार के अड्डा बन गए हैं। प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर हो रहे हैं। भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश गलत दिशा में चल पड़ा है। उन्होंने मैनपुरी में बुधवार रात को हुई बंदी भूरे गिहार की मौत पर भी सवाल उठाए।

तीन दिन बाद सौंपा युवक का शव

डिंपल यादव ने कहा कि मैनपुरी में पुलिस कर्मियों द्वारा पीट-पीटकर एक युवक की हत्या कर दी गई और तीन दिन बाद उसका शव स्वजन को दिया गया। इस मामले को लोकसभा में उठाऊंगी और पीड़ित को न्याय दिलाऊंगी। उन्होंने निकाय चुनाव में सभी सीटों पर सपा की जीत का दावा भी किया। बैठक के दौरान डिंपल यादव ने मृतक भूरे गिहार के स्वजन से भी मुलाकात की।

सड़क हादसे के पीड़ितों से मिलीं

डिंपल यादव ने कुरावली के मुहल्ला सराय में बीते 20 मार्च को एटा के थाना पिलुआ क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मृत मजदूर अच्छे बाबू, सत्तार हुसैन, अनस खान, इरफान के स्वजन से मुलाकात की। उन्हें सांत्वना दी। पूर्व चेयरमैन डॉ मुन्ने खां के आवास पर पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।