Latest News नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

नीतीश कुमार की नई सरकार में मंत्री बन सकते हैं ये सभी नेता,


पटना। बिहार में सत्ता बदलाव के साथ ही मंत्रियों के नाम को लेकर कयासों का दौर शुरू हो गया है। निगाहें इस पर हैं कि नीतीश सरकार की नई कैबिनेट का चेहरा कैसा होगा। लोग अपने अनुत्तरित प्रश्नों का जवाब चाहते हैं। इन सवालों के बीच यह तय है कि नीतीश कैबिनेट में सबसे ज्यादा मंत्री राजद कोटे से होंगे। दूसरे नंबर पर जदयू होग, जबकि इसके बाद कांग्रेस का नंबर आएगा। वामदल सरकार में शामिल होंगे या नहीं इसे लेकर संशय के बादल अब तक छंटे नहीं हैं। 

जदयू भी पुराने कई मंत्रियों को कर सकता है ड्राप

जानकारी के अनुसार एनडीए के दौरान नीतीश मंत्रिमंडल शामिल रहे कुछ पुराने चेहरों को इस सरकार में ड्राप किया जाएगा। हालांकि ये नाम कौन से होंगे ये अब तक तय नहीं। जिन चेहरों को ड्राप करने की तैयारी है, उनमें तीन से चार मंत्री बताए जा रहे हैं। इनके स्थान पर पार्टी में पूर्व से सक्रिय रहे लोगों को मौका दिया जाएगा। इन नामों पर अंतिम फैसला स्वयं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे।

दो दलों के मंत्रियों का फैसला दिल्ली से 

सरकार में शामिल होने वाले दो प्रमुख सहयोगी दल के मंत्रियों की किस्मत का फैसला दिल्ली से होगा। एक ओर जहां राजद प्रमुख लालू प्रसाद अपने मंत्रियों के नाम दिल्ली में बैठकर तय करेंगे तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस कोटे के मंत्रियों के नाम कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी तय करेंगे। चर्चा है कि नई सरकार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव गुरुवार से शुक्रवार के बीच राजद से मंत्री पद के संभावित नामों की सूची लेकर दिल्ली जाएंगे। जहां पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद मंत्रियों के नाम पर मुहर लगाएंगे।

कांग्रेस ने सूची सोनिया गांधी को भेजी 

कांग्रेस सूत्रों ने बताया पार्टी के विधायकों के बीच मंत्री पद को लेकर जारी खींचतान के बीच प्रदेश नेतृत्व ने संभावित नामों की सूची सोनिया गांधी और राहुल गांधी के अनुमोदन के लिए दिल्ली भेज दी है। इस पर मंथन के बाद ही अंतिम रूप से फैसला लिया जाएगा। चर्चा है कि कांग्रेस मंत्रियों की सूची में जाति समीकरणों का भी ख्याल रखेगी। कांग्रेस से यदि चार मंत्री होते हैं तो एक मुस्लिम चेहरा निश्चित तौर पर शामिल किया जाएगा। चर्चा है जिन दो मुस्लिम चेहरों के नाम सूची में शामिल किए गए हैं उनमें एक कदवा विधायक शकील अहमद खान हैं तो दूसरे कस्बा विधायक मो. अफाक आलम।

जदयू से संभावित चेहरे : विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, उपेंद्र कुशवाहा, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, संजय झा, लेशी सिंह, जयंत राज के साथ ही कुछ नए चेहरों की भी चर्चा है।

राजद कोटे के संभावित मंत्री : तेज प्रताप यादव, आलोक मेहता, भाई वीरेंद्र, चंद्रशेखर कुमार, शमीम अहमद, भारत भूषण मंडल, अनिल सहनी, समीर महासेठ, वीणा देवी, ललित यादव, कार्तिक सिंह, सुनील सिंह, रणविजय साहू और अख्तरूल इस्लाम।

कांग्रेस कोटे के संभावित मंत्री : डा. मदन मोहन झा, अजीत शर्मा, राजेश राम और शकील अहमद खान व अफाक आलाम।