News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी पर अड़ी कांग्रेस, भाजपा पर लगाया आरोप


नई दिल्ली, । पैगंबर के खिलाफ नुपुर शर्मा की टिप्पणी पर कांग्रेस ने सत्तारूढ़ दल को आड़े हाथ लेते हुए भाजपा से अपने पदाधिकारियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। उसका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को बदनाम करने वाले पदाधिकारियों पर केवल कार्रवाई करने का नाटक अब नहीं चलेगा। राहुल गांधी और पी. चिदंबरम समेत कई कांग्रेस नेताओं के साथ ही कांग्रेस पार्टी ने ट्विटर हैंडिल पर खुल कर अपनी भड़ास निकाली है। वाम दलों का भी कहना है कि भाजपा ने अन्य देशों के दबाव में आकर पार्टी के पदाधिकारियों पर कार्रवाई की है।

कांग्रेस ने सोमवार को भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए पूछा कि वैश्विक नाराजगी के लिए जिम्मेदार पार्टी नेताओं को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया है। ऐसी भारी गलतियों के लिए देश का माफी मांगना अस्वीकार्य है। इस ज्वलंत मसले पर राहुल गांधी ने भी ट्वीट करके कहा, ‘आंतरिक रूप से बंटने के कारण भारत बाहर से भी कमजोर हो गया है। भाजपा की बेशर्मी भरी कट्टरता ने नासिर्फ हमें अलग-थलग कर दिया है बल्कि भारत के वैश्विक आधार को भी कमजोर किया है।’