News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

नेपाल में हुआ भूस्खलन, 13 लोगों की हुई मौत; 10 लोग लापता


काठमांडू (नेपाल), । नेपाल के अछाम जिले के विभिन्न हिस्सों में शनिवार को हुए भूस्खलन में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग लापता हो गए।

उप मुख्य जिला अधिकारी दीपेश रिजाल ने कहा, भूस्खलन के कारण सुदूर पश्चिम नेपाल में अछाम जिले के विभिन्न हिस्सों से कम से कम 13 मृत, 10 लापता और 10 को बचाया गया। रिजाल ने कहा कि हादसा शनिवार को हुआ। यहां लगातार बारिश के कारण बिजली-सड़क बाधित होने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

आपदा के मद्देनजर गृह मंत्री बाल कृष्ण खंड ने खोज और बचाव कार्यों के लिए हेलीकाप्टर तैनात करने के आदेश दिए हैं। नेपाल में लगातार बारिश हो रही है जिसके परिणामस्वरूप बाढ़ और भूस्खलन हुआ है।

नेपाल के दारचुला जिले के बंगबगड़ इलाके में पिछले शनिवार को आई बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 11 लापता हो गए।

लगातार बारिश के कारण लस्कू और महाकाली नदियों में बाढ़ आ गई, जिसके कारण कई घर और दो पुलों बाढ़ में बह गए।

नेपाल सालाना मानसून के मौसम में बाढ़ और भूस्खलन आपदाओं के कारण कई हताहतों की संख्या दर्ज करता रहा है।

मलबे में कई लोग दब गए

अछाम के विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम शनिवार सुबह से ही बचाव कार्य में लगी हुई है। जिला पुलिस कार्यालय के प्रमुख, अछाम के डीएसपी नारायण डांगी ने कहा कि जिले के विभिन्न स्थानों में भूस्खलन से घरों के क्षतिग्रस्त और दबे होने की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस टीमों को जुटाया गया है।

पूर्वी कैलाली में बाढ़ से 600 घर डूबे

उधर, पूर्वी कैलाली में शुक्रवार से लगातार हो रही बारिश से करीब 600 घर पानी में डूब गए हैं। पुलिस के अनुसार, कांद्रा और पथरिया नदियों में बाढ़ आने और बस्ती में पानी घुसने से 500 से अधिक घर जलमग्न हो गए।

जिला पुलिस कार्यालय कैलाली के प्रवक्ता पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) वेद प्रकाश जोशी ने बताया कि भजनी नगर पालिका-8 में पथरिया नदी का पानी बस्ती में घुसने से करीब 160 घरों में पानी भर गया।

उन्होंने कहा कि सोनाफंटा टोल, दलाईखी टोल, भारतन टोल, जनकपुर टोल और छछरहावा टोल में बाढ़ आ गई है। नदी का जलस्तर अभी भी लगातार बढ़ रहा है। इसी तरह कांद्रा नदी में जलस्तर बढ़ने से मिलनपुर टोल, लालबोझी और पुलियापुर टोल के 250 घर जलमग्न हो गए हैं, जबकि भजनी नगर पालिका-7 के शिबिर टोल, गणेशमन टोल और दक्षिणपुरवा टोल के करीब 250 घर भी जलमग्न हो गए हैं। यहां कांद्रा नदी में बाढ़  आई हुई है। पुलिस के मुताबिक बाढ़ प्रभावित लोगों को निकालने का काम जारी है।