News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

न्याय का हक मिलने तक’ नारे के साथ लॉन्च हुआ भारत जोड़ो न्याय यात्रा LOGO,


नई दिल्ली। : आज दिल्ली स्थित AICC मुख्यालय में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का लोगो लॉन्च किया।

इस दौरान उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश के बुनियादी सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक मुद्दों पर केंद्रित होगी। शनिवार को संवाददातओं से खरगे ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा, देशवासियों को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय दिलाने की ओर हमारा एक मजबूत कदम है।

कब शुरू होगी भारत जोड़ा यात्रा

खरगे के मुताबिक, 14 जनवरी से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू हो जाएगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में यह यात्रा मणिपुर के इंफाल से शुरू होगी और देश के 15 राज्यों से होकर गुजरेगी और मुंबई में समाप्त होगी। कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार, यह यात्रा 110 जिलों, 100 लोकसभा सीटों और 337 विधानसभा सीटों को कवर करेगी।

पीएम मोदी पर साधा निशाना

खरगे ने भाजपा और पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि हम लोगों के बीच जाकर उन्हें बताएंगे कि इस यात्रा के अलावा और कोई रास्ता नहीं है। खरगे ने कहा, ‘हमने संसद में बोलने और मुद्दे उठाने की कोशिश की। लेकिन सरकार ने हमें कोई मौका नहीं दिया। इस देश के इतिहास में पहली बार 146 सांसदों को निलंबित कर दिया गया। वह (पीएम मोदी) कम से कम लोकसभा में आए लेकिन उन्होंने एक बार भी राज्यसभा की ओर झांककर भी नहीं देखा।

फिर से उठाया मणिपुर मुद्दा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने फिर से मणिपुर मुद्दा उठाया और कहा ‘राज्य में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई लेकिन पीएम मोदी या तो समुद्र तट पर गए, फोटो सेशन में तैराकी की, चल रहे मंदिर निर्माण स्थल पर तस्वीरें खिंचवाईं या केरल और मुंबई चले गए। वह हर जगह जाते हैं, आप हर जगह उनकी तस्वीरें देख सकते हैं। बिल्कुल वैसे ही जैसे जागने के बाद सबसे पहले भगवान के ‘दर्शन’। लेकिन ये महान व्यक्ति मणिपुर क्यों नहीं गए?’ कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन ने नए श्रम कानूनों, आपराधिक कानूनों को लेकर सरकार पर हमला किया और कहा कि ये तानाशाही के संकेत हैं।’