Latest News नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

पंजाब: कांग्रेस कहती थी बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है, आप भी इन्हें हिलाओ-जेपी नड्डा


नवांशहर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को पंजाब में बड़ी रैली करके पार्टी के लिए चुनाव में जनसमर्थन मांगा। नवांशहर के बलाचौर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने सत्ताधारी दल कांग्रेस पर जमकर राजनीतिक हमले किए। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के हाथ 1984 सिख दंगों के खून से रंगे हुए हैं। वर्ष 1984 में कांग्रेस के एक बड़े नेता ने सिखों के कत्लेआम पर कहा था कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो थोड़ी बहुत तो हलचल होती ही है। सिखों को लेकर कांग्रेस की जो सोच पहले थी, वह आज भी है। ये आप के सामने वोट मांगने के लिए आए हैं। अब आप भी इनको हिलाओ।

उन्होंने कहा कि पंजाब में हजारों लोग आतंकवाद के दौर में मौत के घाट उतार दिए गए। पंजाब को आतंकवाद के दौर में डालने वाली कांग्रेस ही थी। कई परिवार इस दौरान हजारों परिवार उजड़ गए। लोग पंजाब को छोड़कर अन्य राज्यों में बसने लगे थे। लोगों को यह बात भूलनी नही चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती पीरों फकीरों की धरती है, शहीदों की धरती है। पवित्र धरती है। इस धरती पर आना अपने आप में सौभाग्य की बात है। देश की आजादी से लेकर पंजाब की सुरक्षा तक पंजाब के वीरों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया है। यह प्रदेश बलिदान के लिए जाना जाता है। यह क्षेत्र शहीद भगत सिंह का क्षेत्र है। मैं इसको नमन करता हूं।

जेपी नड्डा ने कहा कि हमें एक मौका दीजिए और हम पंजाब में वैसे ही काम करेंगे जैसे हमने हरियाणा, गुजरात और यूपी में किया है। अगर हम आतंकवाद के खिलाफ जीरो टालरेंस चाहते हैं तो हमें पंजाब में कमल खिलाना होगा। बीजेपी एक आजमाई हुई पार्टी है। ‘नरेंद्र मोदी’ नाम ‘विकास’ का पर्याय है।