News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

पंजाब की चौतरफा प्रगति के लिए निर्णायक छलांग लगाने का आया समय- CM मान


चंडीगढ़, । पंजाब की चौतरफा प्रगति और विकास के लिए निर्णायक छलांग लगाने का समय आ गया है। यह बात पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने नववर्ष पर कही। प्रदेशवासियों को नववर्ष 2023 की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री मान ने पंजाब के सर्वांगीण विकास और खुशहाली के लिए जोश के साथ काम करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री मान ने रविवार को गुरुद्वारा सिंघ शहीद सोहना में नववर्ष के अवसर पर परिवार के साथ माथा टेका और राज्य में शांति, सद्भाव और प्रगति के साथ-साथ पंजाब के लोगों की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नववर्ष पंजाबियों के लिए खुशी, शांति और सफलता लेकर आएगा और उन्हें पंजाब को देश में अग्रणी राज्य बनाने के लिए दृढ़ संकल्प लेने के लिए भी प्रेरित किया।

jagran

उत्साह के साथ काम करें पंजाबी

इसके साथ ही उन्होंने ‘गरीब से गरीब व्यक्ति’ के विकास के लिए स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने के लिए अपनी सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि राज्य साम्प्रदायिक सद्भाव, शांति, सौहार्द और भाईचारे के बंधन को मजबूत करने के साथ ही समग्र प्रगति और विकास के युग की शुरुआत करने की दहलीज पर खड़ा है। ऐसे में सभी पंजाबियों को आने वाले साल में उत्साह के साथ काम करना चाहिए।

मुख्यमंत्री मान ने लोगों से उत्साह से काम करने की प्रतिबद्धता के साथ साल 2023 का स्वागत करने का आह्वान किया। इसी बीच उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाला साल पंजाब के समग्र विकास के नए युग की शुरुआत करेगा। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि राष्ट्रीय एकता, शांति, प्रेम और धार्मिक सहिष्णुता के बंधन को और मजबूत करने के लिए महान गुरुओं, संतों और द्रष्टाओं द्वारा दिखाए गए मार्ग का अनुसरण करें।