News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब

पंजाब के मुख्यमंत्री बने चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह -ओम प्रकाश ने भी ली शपथ


  • पंजाब के वरिष्ठ दलित नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने अट्ठावन वर्षीय चन्नी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।उनके अलावा सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओम प्रकाश सोनी ने भी उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में नवजोत सिंह सिद्धू, सुनील जाखड़ समेत पंजाब कांग्रेस के तमाम नेता शामिल हुए। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी राजभवन पहुंचे लेकिन तब तक चन्नी शपथ ले चुके थे।

शपथ ग्रहण के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांंधी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने राजभवन में पंजाब के नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को बधाई दी।

चन्नी दलित सिख (रामदसिया सिख) समुदाय से आते हैं और अमरिंदर सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री थे। वह रूपनगर जिले के चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वह इस क्षेत्र से साल 2007 में पहली बार विधायक बने और इसके बाद लगातार जीत दर्ज की।वह शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन के शासनकाल के दौरान साल 2015-16 में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी थे।

बता दें कि पंजाब में कांग्रेस के भीतर लंबे समय तक चली तनातनी और अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद वरिष्ठ दलित नेता चरणजीत सिंह चन्नी को रविवार को पार्टी विधायक दल का नया नेता चुना गया।