News TOP STORIES पंजाब

पंजाब नगर निकाय चुनावः कांग्रेस ने 5 नगर निगम पर किया कब्जा, भाजपा, अकाली दल और आप का बुरा हाल


 पंजाब में 100 से अधिक नगर निकाय सीट पर मतगणना जारी है। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने आठ नगर निगम में से 5 पर जीत दर्ज की है।

कांग्रेस ने अबोहर, बठिंडा, कपूरथला, होशियारपुर और पठानकोट निगम पर कब्जा कर लिया है। मोगा, बटाला और मोहाली के चुनावों के नतीजों का इंतजार है। भाजपा, अकाली दल और आप का बुरा हाल है। पंजाब स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे बुधवार को घोषित किए जा रहे हैं। सुबह नौ बजे मतगणना आरंभ हुई। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गयी है।

आठ नगर निगम और 109 नगर परिषद शामिल

राज्य के 117 से अधिक सीट निकाय चुनाव हुए थे, जिनमें आठ नगर निगम और 109 नगर परिषद शामिल हैं। किसानों के विरोध प्रदर्शन के बीच चुनाव हुआ था। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के लिए यह चुनाव महत्वपूर्ण है। क्योंकि 2022 में यहां विधानसभा चुनाव है। अबोहर, बठिंडा, बटाला, कपूरथला, मोहाली, होशियारपुर, पठानकोट और मोगा के आठ नगर निगमों के 2302 वार्ड और 109 नगर परिषदों के लिए कुल 9222 उम्मीदवार मैदान में हैं।

दो बूथों में फिर से मतदान

राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को मतदान के दौरान अनियमितताओं की रिपोर्ट के बाद एसएएस नगर नगर निगम के दो बूथों में फिर से मतदान का आदेश दिया था। बदमाशों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को क्षतिग्रस्त करने के बाद पटियाला के तीन बूथों और पटियाला में समाना नगर परिषदों के मतदान के एक दिन बाद यह आदेश आया था।