News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

पंजाब सीएम आवास के भीतर कांग्रेस नेताओं का विरोध प्रदर्शन, प्रशासन के हाथ-पांव फूले, लिया हिरासत में


 चंडीगढ़। पंजाब में दो पूर्व मंत्रियों पर भ्रष्टाचार मामले में कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस में उबाल है। मामले में कांग्रेस नेता सीएम आवास के बाहर पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। अधिकारी उन्हें सीएम से मिलाने अंदर ले गए, लेकिन सीएम से अभी मुलाकात नहीं हो पाई है। इससे गुस्साए कांग्रेस नेता सीएम आवास के भीतर ही धरने पर बैठ गए हैं। इससे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया है।

jagran

सीएम आवास के भीतर धरने पर बैठे कांग्रेसी। जागरण

यह पहली बार होगा जब विपक्षी सीएम आवास के भीतर ही धरने पर बैठे। बता दें, पंजाब में कांग्रेस के दो पूर्व मंत्रियों साधू सिंह धर्मसोत व संगत सिंह गिलजियां के खिलाफ भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया गया है। मामले में पूर्व मंत्री साधू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि गिलजियां की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया है।

कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेने के लिए पहुंची चंडीगढ़ पुलिस। जागरण

विजिलेंस ब्यूरो द्वारा की गई इस कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा की अगुवाई में पूर्व व वर्तमान विधायक मुख्यमंत्री भगवंत मान से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने आधा घंटा मान के आवास के बाहर धरना दिया। इसके बाद उन्हें अंदर बुला दिया गया।

एक घंटे से अधिक समय तक सीएम से मुलाकात न होने पर कांग्रेस नेता सीएम आवास के भीतर ही धरने पर बैठ गए। बताया जा सीएम हाउस के अधिकारियों ने राजा वड़िंग को 5 प्रतिनिधि लेकर आने को कहा था, लेकिन वह सारे विधायक व पूर्व विधायकों को लेकर चले गए। कांग्रेस के विधायकों ने सीएम हाउस के भीतर धरना शुरू कर दिया।

पुलिस से बहस करते अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग। जागरण

राजा वड़िंग ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री नहीं मिलते वह धरने पर ही बैठे रहेंगे। कांग्रेस के विधायक मुख्यमंत्री आवास के भीतर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। आवास के भीतर राजा वड़िंग, प्रताप सिंह बाजवा के अलावा पूर्व मंत्री व विधायक सुखजिंदर सिंह रंधावा, राजिंदर सिंह बाजवा, डाक्टर राजकुमार चब्बेवाल, अरुणा चौधरी, सुख सरकारिया, विक्रम चौधरी, जूनियर अवतार हेनरी, परगट सिंह, सुखविंदर कोटली आदि मौजूद थे।

सीएम आवास के भीतर हंगामे के बाद चंडीगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को शांत होने के लिए कहा। कांग्रेसी इस पर भी शांत नहीं हुए और धरना देने व नारेबाजी करने पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया।

बता दें, साधू सिंह धर्मसोत के खिलाफ वन विभाग के पेड़ों की कटाई में रिश्वत लेने का आरोप है। इससे पहले, धर्मसोत का नाम बहुचर्चित पोस्ट मैट्रिक स्कालरशिप घोटाले में आया था। 63.91 करोड़ रुपये के इस घोटाले में विपक्ष में रहते हुए आम आदमी पार्टी समेत सभी विपक्षी पार्टियों ने साधू सिंह धर्मसोत की गिरफ्तारी को लेकर राज्यवार प्रदर्शन किया था।

भगवंत मान बोले- भ्रष्टाचारियों के समर्थन प्रदर्शन दुखद

इस बीच सीएम भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा कि उन्हें दुख है कि कांग्रेस नेता भ्रष्टाचार मामले में फंसे नेताओं के समर्थन में उनके आवास पर आए। कहा कि पंजाब के लुटेरों का समर्थन करना इस बात का सबूत है कि रिश्वतखोरी उनके खून में है। मतलब कि रिश्वतखोरी कांग्रेस का अधिकार है।