News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

पंजाब सीएम आवास घेरने जा रहे भाजपा नेताओं पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कई नेता घायल


चंडीगढ़। पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित द्वारा विधानसभा के विशेष सत्र की मंजूरी लिए जाने के बाद राज्य में आम आदमी पार्टी व भाजपा के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई है। वीरवार को एक तरफ आम आदमी पार्टी विरोधस्वरूप राजभवन की ओर कूच किया तो भाजपा ने भगवंत मान सरकार को घेरने के लिए सीएम आवास की तरफ कूच किया। 

वीरवार सुबह भाजपा नेताओं ने सीएम आवास को घेरने के लिए भाजपा मुख्यालय सैक्टर 37-A से कूच किया। भाजपा नेता जैसे ही सीएम आवास के नजदीक पहुंचे पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन भाजपा नेता आगे बढ़ते रहे। भाजपा नेताओं को रोकने के लिए पुलिस को पानी की बौछारें छोड़नी पड़ी।

jagran

बेरिकेट्स लांघने का प्रयास करते भाजपा कार्यकर्ता। जागरण

पुलिस द्वारा पानी की बौछारें छोड़ने के बाद भी भाजपा कार्यकर्ता नहीं माने। वह बेरिकेट्स के ऊपर चढ़ गए। इस दौरान पुलिस व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच बहस हो गई। पुलिस ने भाजपा नेताओं को खदेड़ने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता घायल हो गए।

भाजपा नेता जंगी लाल महाजन ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार में पंजाब में 10 गुणा भ्रष्टाचार बढ़ा है।विशेष सत्र की मंजूरी रद कर राज्यपाल ने संविधान की रक्षा की है।

 

प्रदर्शन के दौरान घायल भाजपा कार्यकर्ता। जागरण

कांग्रेस से भाजपा में गए सुनील जाखड़ ने कहा कि संगरूर लोकसभा चुनाव में मिली हार भगवंत मान सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव है। इस चुनाव में तीन महीने में ही आप सरकार की नाकामी सामने आ गई थी।

जाखड़ ने कहा कि आम आदमी पार्टी के 92 विधायक हैं। आप कह रही है कि 25 करोड़ का आफर आया। जाखड़ ने कहा कि जो माल 5 लाख में बिकाऊ हो उसके लिए 25 करोड़ कौन देगा। सुनील जाखड़ ने कहा कि डाक्टर विजय सिंगला पर 5 लाख का आरोप था।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने राज्यपाल द्वारा विधानसभा के विशेष सत्र की मंजूरी को रद करने का स्वागत किया। कहा कि दो-तिहाई बहुमत वाली पंजाब सरकार को विश्वास मत हासिल करने की क्या जरूरत है।

अश्वनी शर्मा ने पंजाब के महामहिम राज्यपाल द्वारा पंजाब की भगवंत मान सरकार द्वारा बुलाए गए एक दिवसीय विधानसभा सत्र को रोक लगाने का फैसला संविधान के अनुसार है। उन्होंने पंजाब की जनता के हित्त में अपने अधिकार का प्रयोग किया है।

शर्मा ने कहा कि भगवंत मान के लिए केजरीवाल द्वारा कही गई हर बात संविधान है और वो उसकी पालना करना अपना परम कर्तव्य मानते हैं। अश्वनी शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा इस संबंध में माननीय राज्यपाल जी को पत्र भी लिखा गया था। शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा माननीय राज्यपाल द्वारा लिए गए फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया जा रहा है, जो कि घोर निंदनीय व अशोभनीय है।