पटना

पटना: अब विपक्ष भी मानव शृंखला को मानने लगा


लालकिले पर उपद्रवियों द्वारा झंडा फहराना निंदनीय : नीतीश

(आज समाचार सेवा)

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि अब विपक्ष द्वारा मानव श्रृंखला को मानने लगे। मानव श्रृखंला बनाने तो लगे। मानव श्रृंखला की शुरूआत हमलोगों ने की थी। सबसे पहले वर्ष २०१७ में शराबबंदी के लिए मानव श्रृंखला बनायी गयी थी। उसके बाद दहेज प्रथा और बाल विवाह के खिलाफ वर्ष २०१८ में मानव श्रृंखला बनायी गयी। पिछले वर्ष १९ जनवरी २०१९ को जल-जीवन-हरियाली के पक्ष में बहुत बड़ी मानव श्रृंखला बनी।

अब विपक्ष किसानों के समर्थन में शुक्रवार को मानव श्रृंखला बनाया है। सबको अपनी बात रखने का अधिकार है। हमको इस पर कुछ नहीं कहना है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को गांधी घाट पर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बात चीत कर रहे थे।

उन्होंने लाल किले पर उपद्रवियों द्वारा झंडा फहाये जाने के संबंध में कहा कि यह बहुत ही निंदनीय है। सबको  अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन अपनी बात रखने का यह मतलब नहीं नहीं है कि आप ऐसी बात करें जो देश के हित में नहीं है। लालकिले पर जो भी हुआ उसकी जितनी निंदा की जाये वो कम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश को बापू को याद रखना चाहिए। उन्होंने देश को आजादी दिलायी, देश के विकास के लिए उन्होंने जो बातें कहीहै उसका हम सबको अनुसरण करना चाहिए। हमलोग बापू के विचारों को ध्यान में रखकर ही बिहार में सभी काम कर रहे हैं। पर्यावरण को लेकर बापू ने अपने जमाने में कई बातें कहीं है उसका हम सबों को अनुसरण करना चाहिए। बापू ने कहा था कि पृथ्वी की जरूरतों को पूरी करने में सक्षम है, लालच को नहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बापू के विचारों को नयी पीढ़ी तक पहुंचाना है। हमलोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जल-जीवन-हरियाली की शुरूआत की है। आज के दिन बापू के प्रति लोगों को सिर्फ श्रद्धा ही निवेदित नहीं करना चाहिए बल्कि बापू के विचारों को आत्मसात करना चाहिए। बापू के द्वारा बताये गये सात सामजिक पापों को हमलोगों ने सभी सरकारी स्कूल-कॉलेजों और सरकारी संस्थानों में अंकित करवा दिया है। सभी स्कूलों में बापू के जीवन, उनके विचारों के बारे में हर दिन बच्चों को पाठ पढ़ाया जाता है।

उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि बापू के विचारों को अगर नयी पीढ़ी के १० से १५ प्रतिशत लोग अपना लेंगे तो देश बदल जायेगा और समाज में हो रहे नकारात्मक कार्यों पर नियंत्रण हो सकेगा। लोगों का स्वभाव भी बदलेगा और समाज भी बदल जायेगा। हमलोग बापू के विचार को अपनाकर समाज को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं।

हम बापू के विचारों से अलग हट कर नहीं जा सकते हैं। हमलोग उनके प्रति पूरी तरह से प्रतिवद्ध हैं और अपनी प्रतिवद्धता को नहीं छोड़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सबको सचेत रहना चाहिए। आपदा प्रबंधन विभाग को इसके लिए अलर्ट कर दिया गया है।