पटना

पटना: आत्मनिर्भरता की ओर बिहार को ले जाना है : स्पीकर


बेहतर कार्य करने वालों को करेंगे पुरस्कृत

(आज समाचार सेवा)

पटना। विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि बिहार की विरासत को निखारना है। हमें आत्मनिर्भरता की ओर बिहार को ले जाना है। बिहार के गर्भ में कई ऐसी विरासतें छिपी है जिसकी सही ब्रांडिग हो जाये तो यह अपने आप में एक अजुबा राज्य होगा जहां देश-विदेश के लोग यहां आयेंगे और ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू होंगे। इसके लिए हमें और समाज के सभी वर्ग की ओर से समेकित प्रयास करना होगा। श्री सिन्हा शनिवार को बिहार विधानसभा की प्रेस दीर्घा सलाहकार समिति की बैठक में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। समाज व राज्य के नवनिर्माण में जितनी भूमिका विधायिका और कार्यपालिका की है उतनी ही जिम्मेवारी मीकिडया की भी है। श्री सिन्हा ने कहा कि 2020 संपूर्ण विश्व के साथ बिहार भी संक्रमण काल से गुजरा है। कोविड-19 के दुष्प्रभावों से बिहार भी अछूता नहीं रहा है। लोगों की जागरूकता के कारण हम सभी ने इसका डटकर मुकाबला किया है। आपदा के बाद बिहार को आम्निर्भरता की ओर आगे ले जाने का अवसर मिला है।

हमे हर जिले को एक मॉडल मान वहां समाज सुधार, अपराध मुक्त ग्राम, स्वच्छ ग्राम, भय मुक्त बिहार का निर्मण कराना होगा। एक विधायक अगर पांच गांव के नव निर्माण व आत्म निर्भर बनाने की ठान लें तो निश्चित रुप से बिहार की तस्वीर बदल जायेगी। बिहार के अंदर कई धार्मिक, पर्यटन और ऐतिहासिक धरोहर है जिसकी सही तरीके से ब्रांडिंग हो जाये तो यहां अन्य राज्यों के लोग यहां आ सकते हैं। इसकी शुरूआत पटना से करना होगा। बिहार के बाहर हमारी समितियां जाती है, परंतु अन्य राज्यों से समिति यहां नहीं आती है जो चिंता का विषय है। उन्हें बिहार की विरासत से अवगत कराना होगा।

हमें यहां के उत्पादों की ब्रांडिग करना होगा। इन क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाले विधायक, बुद्धिजीवियों को बिहार विधानसभा सम्मानित करेगा। बैठक को अन्य लोगां के अलावा सचिव राजकुमार सिंह, उप सभापति विनोद बंधु आदि ने संबोधित किया। बैठक के बाद स्पीकर ने समिति के सदस्यों एवं अन्य पत्रकारों को सम्मानित किया ही साथ में मकर संक्रांति के पूर्व चुड़ा-दही का भोज दिया।