पटना

पटना: खाद्य आपूर्ति में 68 अफसर बदले गये, इंजीनियरिंग विभागों में भी हुआ तबादला


(आज समाचार सेवा)

पटना। जून माह समाप्त होने में मात्र एक दिन शेष है। तबादलों के हिसाब से ३० जून को अहम दिन माना गया है। इससे एक दिन पूर्व से ही विभागों में तबादलों से संबंधित अधिसूचना जारी होने लगा है। अब तक विभिन्न विभागों में ३०० से अधिक अफसरों व इंजीनियरों का तबादला हो चुका है। मंगलवार को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में ६८ अफसर बदले गये हैं। इससे संबंधित अधिसूचना जारी हो गयी है।

खाद्य एवं उपभोक्ता से मंगलवार को जारी अधिसूचना के अनुसार छह जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं दो सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी का तबादला किया गया है। अधिसूचना के अनुसार संजीव कुमार को भागलपुर से लखीसराय, अर्चना भारती को नवादा से जमुई, अमलेंदु सिंह को जहानाबाद से बांका, अरुण कुमार सिंह को सारण से वैशाली, प्रभात कुमार झा को कैमूर से पूर्वी चंनपारण तथा नंद किशोर रविदास प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी गया को प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी कैमूर के पद पर भेजा गया है।

जबकि सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी बाढ़ शशि भूषण कुमार को प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी सारण एवं सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी दरभंगा सदर अजय कुमार प्रभाकर को सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी नवादा के पद पर पदस्थापित किया गया है। विभाग ने ६० प्रखंड आपूर्ति निरीक्षकों का भी तबादला किया है। इससे संबंधित भी अधिसूचना जारी हो गयी है। इसी तरह समाज कल्याण विभाग में दो सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग के पद पर समस्तीपुर में कार्यरत गायत्री कुमारी को नालंदा तथा पटना में कार्यरत हरिशंकर सिंह को खगडिय़ा में पदस्थापित किया गया है।

जलवायु परिवर्तन, वन एवं पर्यावरण विभाग में बिहार वन सेवा के सहायक वन संरक्षक स्तर के लगभग दो दर्जन अधिकारियों को प्रशिक्षणोपरांत नये जगह पर पदस्थापन किया गया है। कृषि विभाग में ३२ जिलों में पदस्थापित माप तौल निरीक्षकों का तबादला करते हुए नये जगहपों पर पदस्थापित किया गया है। खान एवं भूतत्व विभाग में दो दर्जन से अधिक लिपिकों के तबादले से संबंधित अधिसूचना जारी की गयी। मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में भी बड़े पैमाने पर एलडीसी एवं यूडीसी संवर्ग के कर्मियों को स्थानांतरित किया गया है। भवन निर्माण एवं पथ निर्माण विभाग में ५० से अधिक कार्यपालक अभियंता स्तर के अभियंताओं का तबादला किया गया है।

इधर शिक्षा, ग्रामीण विकास, राजस्व एवं भूमि सुधार, सहकारिता, उद्योग, जल संसाधन, ग्रामीण कार्य, ऊर्जा, स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास एवं आवास, वित्त, वाणिज्यकर, खान एवं भूतत्व में खनन विकास पदाधिकारी स्तर के अधिकारियों के तबाले को लेकर तैयार सूची को अंतिम रुप दिया जा रहा है, जिसकी अधिसूचना कभी भी जारी हो सकती है।