पटना

पटना: दूरदर्शन बिहार पर लगेगी मिडिल कक्षाओं की भी पाठशाला


      • 27 से हर दिन एक घण्टे चलेगी 6ठी से 8वीं की पढ़ाई की घण्टी
      • पहले की तरह ही हर दिन बजा करेगी 9वीं से12वीं की घण्टी

(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। राज्य में सरकारी सरकारी स्कूलों के 6ठी से 8वीं कक्षा के बच्चे भी अब दूरदर्शन बिहार पर पढेंगे। दूरदर्शन बिहार पर 6ठी 8वीं कक्षा के बच्चों की पाठशाला 27 मई से लगेगी। उस दिन से दूरदर्शन बिहार पर 6ठी से 12वीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई होने लगेगी। 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई की घण्टी दूरदर्शन बिहार पर 10 मई से ही बज रही है।

6ठी से 8वीं कक्षा के बच्चों की दूरदर्शन बिहार पर पाठशाला 27 मई से सबेरे नौ बजे लगेगी। 6ठी से 8वीं कक्षा तक हर दिन लगने वाली पाठशाला एक घण्टे की होगी। एक घण्टे की पाठशाला 6ठी, 7वीं एवं 8वीं यानी तीन कक्षाओं के लिए होगी। इसका नाम है- मेरा दूरदर्शन मेरा विद्यालय।

यह पाठशाला बिहार शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा यूनिसेफ के सहयोग से लगेगी। टाटा स्काई-1196, डिश टीवी– 1565, डीडी फ्री डिश- 70, एयरटेल- 669, वीडियोकॉन डी2एच-864, सन डाइरेक्ट-1565 एवं रिलायंस डिजिटल-423 चैनलों पर भी दूरदर्शन बिहार चैनल उपलब्ध है।

बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक संजय सिंह ने विद्यार्थियों से कहा है कि वे प्रसारण को निश्चित रूप से देखें। प्रसधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से उन्होंने खास आग्रह किया है कि प्रसारण को विद्यार्थियों द्वारा देखा जाना सुनिश्चित करायें, ताकि सभी विद्यार्थी इससे लाभान्वित हो सकें।

राज्य में 6ठी से 8वीं कक्षा की पढ़ाई वाले सरकारी स्कूलों की संख्या तकरीबन 29 हजार है। इसके साथ ही 108 गैरसरकारी अनुदानित प्रारंभिक विद्यालयों में भी 6ठी से 8वीं कक्षा की पढ़ाई होती है। इन सभी स्कूलों के 6ठी से 8वीं कक्षाओं के वैसे बच्चे भी दूरदर्शन बिहार पर लगने वाली पाठशाला में शामिल हो सकेंगे, जिनके घरों में टीवी सेट हैं।

इससे इतर 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं की पाठशाला दूरदर्शन बिहार पर उसी समय पर लगा करेगी, जिस समय पर 10 मई से लग रही है। यानी, 9वीं एवं 10वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं की पाठशाला पहले की तरह ही दस बजे दिन से ही लगा करेगी, जो ग्यारह बजे दिन तक चलेगी। उसके बाद ग्यारह बजे से एक घण्टे की 11वीं एवं 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं की पाठशाला शुरू हो जायेगी।

आपको बता दूं कि राज्य में आठ हजार सरकारी स्कूलों, 72 गैरसरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) माध्यमिक विद्यालयों तथा 715 प्रस्वीकृत एवं स्थापना की अनुमति प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में 9वीं एवं 10वीं कक्षा की पढ़ाई होती है। इसी प्रकार 11वीं एवं 12वीं की पढ़ाई 9वीं एवं 10वीं वाले स्कूलों के साथ ही 599 इंटर कॉलेजों एवं तकरीबन ढाई सौ अंगीभूत कॉलेजों में होती है।

फिलहाल, 11वीं कक्षा में तो अभी छात्र-छात्राओं नामांकन नहीं हुआ है। सो, 11वीं से 12वीं कक्षा में जाने वाले छात्र-छात्राओं पढ़ाई दूरदर्शन बिहार पर चल रही है। 12वीं पास कर चुके छात्र-छात्रा, जो मेडिकल-इंजीनियरिंग के बंद पड़े कोचिंग खुलने का इंतजार कर रहे हैं, दूरदर्शन बिहार की पाठशाला में शामिल हैं।